कोरबा (नईदुनिया प्रतिनिधि)। ग्रिड कार्पोरेशन आफ इंडिया के ग्राम भैसमा में स्थित स्वीचिंग सबस्टेशन के कंट्रोल रूप में एकाएक आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल स्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। केबल व अन्य सामान जलने से लाखों का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
ग्राम भैसमा में स्थित 765-400 केवी क्षमता का स्वीचिंग सबस्टेशन ग्रिड कार्पोरेशन आफ इंडिया द्वारा स्थापित किया गया है। केंद्र सरकार का उपक्रम होने की वजह से इस सबस्टेशन से स्वीचिंग का काम किया जाता है। यहां से रांची, जबलपुर समेत अन्य क्षेत्र में बिजली सप्लाई की जाती है। सोमवार की सुबह इस सबस्टेशन के कंट्रोल में एकाएक आग लग गई और देखते ही देखते पूरे कमरे में फैल गई। इससे अफरातफरी का माहौल उत्पन्ना हो गया। जानकारी मिलते ही आनन फानन में पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी गई। तब लैंको अमरकंटक पावर प्लांट से दो दमकल पहुंची और लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद कर्मियों ने राहत की सांस ली। घटना में कितने का नुकसान हुआ, यह स्पष्ट रुप से नहीं बताया जा रहा है, पर लाखों रुपये का नुकसान का अनुमान है। वहीं घटना की वजह शार्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। जबलपुर लाइन के कंट्रोल में आग लगी थी, पर आधुनिक प्रणाली होने की वजह से लाइन ट्रिप नहीं हो सकी और दूसरे सेक्शन से बिजली आपूर्ति होते रही।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close