कोरबा (नईदुनिया प्रतिनिधि)। नगर निगम का सालाना बजट 31 मार्च को महापौर राजकिशोर प्रसाद सामान्य सभा में प्रस्तुत करेंगे। इसी वर्ष विधानसभा चुनाव है, इस वजह से किसी तरह का कोई नया कर नहीं ला जा रहा और नहीं संपत्ति व अन्य कर में वृद्धि की जा रही।

शिवाजी नगर व एमपी नगर में 15 साल से अधिक पुरानी सीवरेज लाइन समस्या को दूर करने बजट में 14 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही दोनों कालोनियों में नई सीवरेज का काम शुरू हो सकेगा। निगम ने अपनी आय बढ़ाने पेट्रोल पंप की स्थापना कर संचालित करेगी। इसके लिए स्थल का चयन महाराणा प्रताप चौक से कोसाबाड़ी चौक के बीच किया जाएगा। संपत्ति कर वसूली का काम रांची की एक निजी कंपनी को सौंपा जाएगा।

नगर निगम की सामान्य सभा में शुक्रवार को पुनरीक्षित बजट वर्ष 2022-23 व बजट वर्ष 2023-24 प्रस्तुत किया जाएगा। इसकी तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। मेयर इन काउंसिल ने बजट पर पहले ही अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। बजट में क्या- क्या सौगात निगम क्षेत्रवासियों के लिए रखी गई है, यह तो महापौर राजकिशोर द्वारा बजट का पिटारा खोलने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा, पर बजट को लेकर काफी उम्मीद बंधी हुई है। मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही नए विकास कार्य के लिए फंड की स्वीकृति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। महापौर ने पहले ही कहा था किसी भी वार्डों में बिना भेदभाव विकास कार्य हो रहे हैं और आगे भी सभी वार्डाे में समान रूप से कार्य कराया जाएगा। यहां बताना होगा कि पिछली बार महापौर ने 2981.87 लाख रूपये मुनाफे का बजट प्रस्तुत किया था। इसमें अनुमानित कुल आय 87,582.87 लाख व 84,601 लाख व्यय अनुमान किया गया था। उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार भी लगभग इतनी राशि का बजट सदन में रखा जाएगा। महापौर राजकिशोर का कहना है कि बजट में सभी वर्गाे का पूरा ध्यान रखा जाएगा। बजट में क्या- क्या रखा गया है, यह तो शुुक्रवार को होने वाली सामान्य सभा में ही स्पष्ट हो पाएगा।

31 को रखे जाएंगे 31 एजेंडा

सामान्य सभा में 31 प्रस्ताव रखे जाएंगे। इसकी सूची तैयार कर निगम ने सभी पार्षदों को सौंप दी है। एक घंटे का प्रश्नकाल होगा। इस दौरान पार्षदों द्वारा पूछे गए सवालों का उत्तर दिया जाएगा। इसके बाद अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी। सदन में सर्वाधिक प्रस्ताव भू-आबंटन, मकान आबंटन, विभिन्ना संस्थाओं को सहयोग निधि, सड़क डामरीकरण, 15 वें वित्त योजना अंतर्गत तैयार किए गए सीवर लाइन की कार्य योजना, कब्रिस्तान को मसीही समाज को हस्तांतरण करने समेत अन्य मु्द्दे रखे गए हैं।

संपत्ति कर में निजी हस्तक्षेप का करेंगे विरोधरू हितानंद

लंबे अरसे बाद हो रही सामान्य सभा को लेकर विपक्ष ने विरोध करने की रूपरेखा तैयार कर ली है। विकास कार्य को लेकर विपक्ष भाजपा पार्षद ने पहले ही निगम कार्यालय का घेराव हंगामा कर चुका है। अब बजट के दौरान भी हंगामा करने की मंशा बना ली है। नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल का कहना है कि निजी कंपनी को संपत्ति कर वसूली का कार्य आबंटित किए जाने का हम विरोध करेंगे। यदि अमले की कमी है तो निगम कर्मचारियों की भर्ती करे और जैसी व्यवस्था अभी चल रही है, वैसे ही चलने दिया जाना चाहिए। निजी कंपनी के हस्तक्षेप से निगम का खर्च अधिक होगा, साथ ही विवाद की स्थिति भी निर्मित होगी। मल्टीफ्लेक्स पार्किंग भवन का व्यवसायिक उपयोग में भी अपने चहेते को आबंटन करने की बू आ रही।

Posted By: Yogeshwar Sharma

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़