कोरबा (नईदुनिया प्रतिनिधि)। क्षेत्र में चली तेज आंधी की वजह से ग्राम मादन के पास 400 केवी लाइन क्षमता का एक टावर टूट कर नीचे गिर पड़ा। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, पर टावर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में खेदामार व मड़वा की लाइन प्रभावित हो गई। ट्रांसमिशन कंपनी द्वारा अन्य लाइन से बिजली आपूर्ति बहाल की गई।

विद्युत ट्रांसमिशन कंपनी (पारेषण) द्वारा हसदेव ताप विद्युत संयंत्र कोरबा पश्चिम संयंत्र (एचटीपीपी) परिसर स्थित सबस्टेशन से खेदामार व मड़वा के लिए लाइन बिछाई गई है। इसके माध्यम से 400 केवी की आपूर्ति की जाती है। शुक्रवार को क्षेत्र में तेज आंधी के साथ वर्षा हुई। इसका असर विद्युत आपूर्ति पर भी पड़ा। बताया जा रहा है कि पाली ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत मादन के मखुरहा तालाब के पास हाईटेंशन लाइन विद्युत टावर (उच्च दाब क्षमता) तार समेत जमीन पर गिर गया। टावर ग्राम मादन निवासी बलराम पटेल के खेत में गिरा। इसके साथ ही तार नीचे झुक गया और बिजली आपूर्ति बंद हो गई। जानकारी मिलते ही ट्रांसमिशन के अधिकारी, तकनीकी कर्मियों की टीम के साथ स्थल के लिए रवाना हो गए। कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के बाद सुधार कार्य आरंभ किया जाएगा। घटना में कितना नुकसान हुआ है, इसका आंकलन करने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। उन्होंने कहा कि संबंधित टावर की बिजली को अन्य लाइन के माध्यम से आपूर्ति की जाएगी।

जताई जा रही एंगल काटने की आशंका

तेज आंधी की वजह से टावर गिरने की घटना को लेकर संदेह जताया जा रहा है, क्योंकि उच्च दाब क्षमता का टावर जल्दी नही गिरता है। अधिकारियों ने संदेह जताते हुए कहा कि क्षेत्र में कबाड़ चोरी की घटनाएं ज्यादा हो रही है। संभवत: किसी कबाड़ चोर ने टावर के नीचे का एंगल काट लिया होगा और इससे टावर कमजोर हो गया। आंधी चलने की वजह से नीचे गिर गया, हालांकि टावर निरीक्षण करने के बाद वास्तविक स्थिति सामने आएगी।

आधी शहर की बिजली आपूर्ति रही बंद

शुक्रवार को चली तेज आंधी की वजह से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कई स्थानों पर बिजली तार में पेड़ की डाल टूट गिर गई, तो कुछ स्थान पर तार टूट गए। इससे शहरी क्षेत्र के साथ ग्रामीण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद हो गई। तुलसी नगर सबस्टेशन से निकलने वाले टीपी नगर, कोरबा शहर के साथ ही पाड़ीमार जोन के महाराणा प्रताप नगर, आरपी नगर, शिवाजी नगर समेत अनेक क्षेत्र में बिजली सप्लाई बंद रही। वितरण विभाग के तकनीकी अमला द्वारा जानकारी मिलते ही सुधार कार्य आरंभ शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में तार टूटने व पेड़ गिरने की घटनाएं ज्यादा हुई है और बिजली सप्लाई प्रभावित रही। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि रात होने की वजह से सुधार कार्य में दिक्कत आ रही है, बावजूद तकनीकी अमला जुटा हुआ है।

Posted By: Yogeshwar Sharma

    छत्तीसगढ़
    छत्तीसगढ़