महासमुंद। विधानसभा चुनाव के दौरान प्रचार अभियान के लिए छत्तीसगढ़ के महासमुंद पहुंची दिल्ली चांदनी चौक की विधायक और आप प्रवक्ता अल्का लांबा ने स्थानीय तहसील कार्यालय के नजदीक जनसभा को संबोधित करते कहा कि प्रदेश सरकार में प्रदेश की जनता का हाल बेहाल है। यहां जनता का नहीं, बल्कि चंद नेताओं और अफसरों का राज है।
जनहित का दावा करने वाली राज्य सरकार पर सवाल उठाते हुए लांबा ने कहा कि बुजुर्गो को सिर्फ 350 रुपए मासिक पेंशन मिल रही है। बढ़ती महंगाई में क्या यह राशि पर्याप्त है। उन्होंने सभा में उपस्थित बुजुर्गों से पूछा कि पेंशन कब मिलती है। जिस पर बताया गया कि हर महीने निश्चित समय पर नहीं मिलती। तीन-चार महीनों तक पेंशन खाते में नहीं आती है।
लांबा ने कहा कि वे प्रदेश में दौरा कर रहीं हैं। सरकारी स्कूलों में भी जाती हैं। यहां पढ़ाई नहीं होती, पर्याप्त शिक्षक हैं नहीं है। भोजन मिल जाता है इसलिए बच्चों को स्कूल भेजते हैं। लांबा ने कहा कि प्रदेश में दुर्दशा की यह स्थिति है कि गरीब परिवार दो वक्त की रोटी के लिए भी जद्दोजहद कर रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी जरूरतों और रोजगार के मामले में रमन सरकार पूरी तरह से फेल हुई है।
अल्का ने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी है। वहां साढ़े तीन साल पुरानी आम आदमी पार्टी की सरकार है। वहां गरीब बुजुर्गो को इतनी पेंशन मिल रही है कि वे पूरे आत्मनिर्भरता और आत्मसम्मान के साथ जीवन जी सकें। शिक्षा की बेहतरीन क्या व्यवस्था है। राशन वितरण की प्रणाली भी बहुत अच्छे तरीके से विकसित की गई है। अस्पतालों की क्या स्थिति पहले से कहीं ज्यादा बेहतर हुई है। सभी बुनियादी सुविधाओं पर फोकस करते हुए वहां राज्य सरकार ने काम किया है।
लांबा ने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में आम आदमी इस प्रदेश में सरकार बनाएगी। सभा को विधानसभा प्रत्याशी संजय यादव ने भी संबोधित किया। सभा के बाद रैली निकाली गई। रैली की अगुवाई करती हुईं अल्का लांबा लोगों का अभिवादन करते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरीं।
Posted By:
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे