लोरमी(नईदुनिया न्यूज)। गोठान निर्माण में 1300 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोरमी मंडल में चलबो गौठान-खोलबो पोल अभियान चलाकर इसकी जानकारी लोगों को दी। पूर्व विधायक एवं कार्यक्रम प्रभारी तोखन साहू, वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ता के साथ कंसरा कंसरी,खुड़िया, जाकडबांधा, महामाई,बिजराकछार, सरईपतेरा,कोदवा महन्त कंचनपुर(कोसाबाड़ी),चेचानडीह,नवागांव वेंकट एवम बिट्ठलदह के गोठानों का निरीक्षण किए।
उन्होंने बताया कि जितने भी गोठानो में निरीक्षण किया सभी जगह लाखों रुपये सरकारी पैसो का दुरुपयोग करके भारी भ्रष्टाचार की गई है। गोठानो के नाम पर कांग्रेस सरकार ने सबसे अधिक पंचायतों और सरपंचों को परेशान किया है। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष धनेश साहू ने कहा कि नरवा घुरुवा बाड़ी के नाम पर ग्रामीणों को सिर्फ ठगने का काम सरकार ने की है।समूहों को धोखे में रखकर गोबर खरीदने मजबूर किया गया। वे आज भी भुगतान के लिए घूम रही हैं। भाजपा के मंडल अध्यक्ष दिनेश साहू ने कहा कि सरकारी आंकड़ों के हिसाब से प्रदेश में 790 गोठानों का निर्माण हुआ है लेकिन लोरमी विधानसभा के कुछ आदर्श गोठानों को छोड़कर सभी जगहों पर गोधन कही भी नजर नहीं आता जबकि गोठानों में 300 गाय रखने का नियम है,चारा-पानी की कहीं भी व्यवस्था नहीं दिखी। अभियान में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश सदस्य विनय साहू,वरिष्ठ भाजपा नेता रवि शर्मा ने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार गोबर खरीदी के नाम पर प्रतिमाह करोड़ों का भुगतान का दावा करती हैं परंतु जमीनी हकीकत तो यह कि सालों से भुगतान के समूह की बहनों को नहीं हुआ है। वरिष्ठ भाजपा नेता लक्ष्मी सेवक पाठक ने कहा कि गरीबों का हक मरते हुए इस सरकार ने कांग्रेस के चंद लोगों को भ्रष्टाचार का पैसा दिलाने के लिए बिना वर्मी कम्पोस्ट के सोसायटी से जबरन फर्जी भुगतान किया गया।
कागज में चल रही गोठान की योजना: सूर्या
मस्तूरी(नईदुनिया न्यूज)। भारतीय जनता पार्टी की अभियान चलबो गोठान, खोलबो पोल की कड़ी में अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश सूर्या ने ठकुरदेवा, कुटेलाधाम एवं विद्याडीह के गोठान का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान प्रदेश सरकार को भ्रष्ट सरकार कहा।
उन्होंने कहा गोठान में पूर्ण रूप से अव्यवस्था है ना ही बैरिकेट्स बने हैं, ना पीने के लिए पानी है, यहां तक मवेशी भी नहीं है। मवेशियों को रखने के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। आने वाले समय में किसान खेतों में फसल लगाएंगे, इस दौरान खुले में विचरण कर रहे गोवंश किसानों के फसल को नुकसान पहुंचाएंगे। सरकार के द्वारा गोठान खोले जाने वाले दावे के चलते किसान अपने घर में बनाए कोठा को उजाड़ दिए हैं। इसके कारण गांव में मवेशी खुले में घूम रहे हैं। रोड में मवेशियों के रहने से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती है। अभी हाल ही में इसी कारण मानिकचौरी के पास दुर्घटना में 14 मवेशियों की मौत हो गई। सरकार की गोठान योजना पूर्ण रूप से फेल है। सरकार सिर्फ कागज में कोरम पूरा कर रही है।
नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी में भूपेश सरकार13 सौ करोड़ का बंदरबांट की है। यह जनता की गाढ़ी कमाई का हिस्सा है जो जनता के विकास कार्यों में खर्च होता। राज्य सरकार दावा कर रही है कि प्रत्येक गोठान को 18 लाख से ज्यादा राशि दी गई हैं, किंतु गोठान में कोई व्यवस्था नहीं है। अभी तक जितने भी काम हुए हैं केंद्र सरकार की राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। मनरेगा की राशि से गोठान में काम किया गया है। सरपंचों ने बताया कि मनरेगा में काम कराने के बाद बड़ी मुश्किल से राशि मिलती है। सरकार सरपंचों की बकाया राशि भी नहीं दे रही है। इस अवसर पर लोकनाथ बंजारे, सरपंच शशि कोसले, रामचरण कोसले ,व्यास नारायण पटेल, साधराम दिवाकर, उमेंद्र राम पटेल, गोपाल यादव, अमृत लाल जांगड़े, उमेंद्र कुमार, उमेश पटेल, सनत पटेल दिनेश पटेल रितेश अमृतलाल ,आनंद कुमार अन्य उपस्थित रहे।
Posted By: Yogeshwar Sharma