मुंगेली(नईदुनिया न्यूज)। कांग्रेस की भ्रष्ट भूपेश सरकार के कारण छत्तीसगढ़ महतारी एक बार फिर शर्मसार हुई। उक्त आरोप भाजपा के नेता एवं सांसद अरुण साव ने पत्रकार वार्ता में कांग्रेस की सरकार पर लगाए।
जिला भाजपा कार्यालय में उन्होंने आरोप लगाते कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की डिप्टी सेक्रेटरी के दुर्ग स्थित आवास में आइटी विभाग ने 24 महीने में दूसरी बार रेड की है। इसके साथ ही सत्ताधारी के करीबी सूर्यकांत तिवारी एवं उनके पार्टनर के साथ कुल 30 स्थानों में कार्रवाई की। उन्होंने आरोप लगाते कहा कि ये वही सूर्यकांत तिवारी है जो, जब हास्पिटल में एडमिट होते हैं तो सत्ताधारी उनका हाल चाल जानने पहुंच जाते है। इस छापा में कुल 9.5 करोड़ अघोषित कैश एवं 4.5 करोड़ की ज्वेलरी बरामद हुई, साथ ही 200 करोड़ से अधिक के कलेक्शन के भी प्रमाण मिले हैं। यह रेड मुख्य रूप से प्रदेश में कोल ट्रांसपोर्ट से हो रही अवैध कमाई को भी प्रमाणित करती है। इस जांच के दौरान 50 करोड़ की अचल संपत्ति के दस्तावेज भी आईटी विभाग को प्राप्त हुए हैं। विभाग का दावा है कि जांच के दौरान कर चोरी के कई पुख्ता दस्तावेज मिले हैं, साथ ही एकाउंट शीट्स और डिजीटल साक्ष्य भी प्राप्त हुए हैं। आयकर अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान सरकारी अधिकारियों को भी नकद भुगतान किए जाने के साक्ष्य मिले हैं जोकि बहुत गंभीर हैं, जिन्हें आई टी विभाग द्वारा गंभीरता से जांच की जा रही है और जरुरत पड़ने पर जल्द ही पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है। इस जांच में तिवारी द्वारा कोरबा की एक कोल वाशरी को खरीदने में 45 करोड़ के अघोषित कैश भुगतान का भी प्रमाण मिला है। अभी हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में भी कैश भुगतान के प्रमाण भी आई टी विभाग को मिले हैं। आइटी विभाग की कार्रवाई की प्रारंभिक जांच में जो प्रमाण मिले हैं वह प्रदेश में हो रही कई सौ करोड़ की अवैध उगाही को प्रमाणित करता है। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य गिरीश शुक्ला, जिलाध्यक्ष शैलेष पाठक, तोखन साहू,पवन पांडेय, द्वारिका जायसवाल, शिवप्रताप सिंह, राणाप्रताप सिंह अन्य उपस्थित रहे।
वरिष्ठ अधिकारी के आवास में आयकर विभाग ने दूसरी बार की कार्रवाई
पेंड्रा(नईदुनिया न्यूज)। जिला भाजपा कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए बेलतरा विधायक रजनीश सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा की कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार के कारण छत्तीसगढ़ महतारी एक बार फिर शर्मसार हुई है क्योंकि प्रदेश की वरिष्ठ अधिकारी के आवास में आयकर विभाग ने दूसरी बार छापा है। इसके साथ ही सरकार के करीबी सूर्यकांत तिवारी एवं उसके पार्टनर के 30 स्थानों में कार्रवाई की गई है। रेड कोल ट्रांसपोर्ट से हो रही अवैध कमाई को भी प्रमाणित करती है। इस दौरान 50 करोड़ की अचल संपत्ति के दस्तावेज भी प्राप्त हुए है।आयकर अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान सरकारी अधिकारियों को भी नगद भुगतान के साक्ष्य मिले हैं.यह सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और सत्ता में रहने का नैतिक अधिकार खो चुकी है। उन्होंने कहा प्रदेश में अपराधी बेख़ौफ़ घूम रहे ह। अभी दो जुलाई की रात को अकलतरा में एक अकेली महिला जिसकी उम्र 53 साल थी उनका दुष्कर्म होता है फिर दिल्ली के निर्भया कांड की तरह नृशंस हत्या कर दी जाती है।आज तक इस बात को लेकर कांग्रेस की कोई प्रतिक्रिया नही आई हैं। वार्ता के दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष कन्हैयासिंह राठौर,बालकृष्ण अग्रवाल,राकेश चतुर्वेदी, लालजी यादव, अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Posted By: Yogeshwar Sharma