रायगढ़ नईदुनिया प्रतिनिधि। सब्जी दुकान पर मटर खरीद रहे सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिला अंतर्गत सरिया थाने के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर एएसआई की एक नशेड़ी युवक ने डंडे से वार कर हत्या कर दी। अचानक हुए हमले से एएसआई बुरी तरह घायल हो गए स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया जहां उनकी मौत हो गई। हमलावर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
सरिया थाना में पदस्थ एएसआई देवनाथ साहू रोज की तरह थाने में सामान्य ड्टी में तैनात थे। वे ड्यूटी पूरी कर अपने आवास जा रहे थे। इस बीच सड़क किनारे सब्जी दुकान में रुककर मटर खरीदने लगे।
तभी दुकान के पास रहने वाला श्याललाल सिदार वहां पहुंचा और एकाएक देवनाथ पर हमला कर दिया। डंडे के प्रहार से देवनाथ बच नहीं पाए और जमीन पर अचेत होकर गिर गए।
यह देखकर दुकानदार ने आसपास के लोगों को एकत्रित किया। स्थानीय लोगों ने घायल पुलिसकर्मी को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
जहां डाक्टरों ने अत्यधिक रक्त निकलने व गम्भीर चोट आने के कारण मौत होना बताया। आरोपित श्यामलाल सिदार को हिरासत में लेकर पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज किया है। बताया गया कि आरोपित की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है। इधर दिनदहाड़े हत्याकांड के बाद सरिया क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
खौफ में रहते हैं राहगीर
शहर हो या गांव सभी सड़कों पर मानसिक रूप से कमजोर महिला-पुरुष को आसानी से घूमते हुए देखा जा सकता है। कुछ लोगों के स्वजन इन्हें सड़क में घूमने छोड़ देते हैं। इनमें से कुछ लोग कई बार पत्थरबाजी करते हैं। कुछ लोग गाली-गलौज कर माहौल खराब करते हैं। इससे राहगीरों को खौफ के साए में रहना पड़ता है। सबसे अधिक समस्या महिलाओं और बच्चों को होती है। इनके समुचित इलाज के लिए शासन-प्रशासन को ध्यान देना चाहिए।
Posted By: Yogeshwar Sharma
- Font Size
- Close