रायपुर। Bhanupratappur Bye Election 2022: नाबालिग से दुष्कर्म और देह व्यापार के मामले में फंसे भानुप्रतापुर उपचुनाव के भाजपा प्रत्याशी ब्रम्हानंद नेताम (Brahmanand Netam) को गिरफ्तार करने झारखंड पुलिस (Jharkhand Police) की टीम छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पहुंच गई है। इसके बाद प्रदेश की राजनीति में भूचाल आ गया है। भानुप्रतापपुर उपचुनाव में भाजपा के प्रत्याशी ब्रम्हानंद नेताम समेत प्रदेश के चार आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए झारखंड पुलिस छत्तीसगढ़ पहुंची। पुलिस दल में डीएसपी रैंक के अधिकारी शामिल हैं। झारखंड पुलिस की टीम सुबह 10 बजे कांकेर पहुंची। सबसे पहले कांकेर के चरामा स्थिति आरोपित नरेश सोनी के घर दबिश दी। इसके बाद जिला मुख्यालय कांकेर में भाजयुमो के जिला कोषाध्यक्ष दीपांकर सिन्हा के घर भी पहुंचे। दोनों नहीं मिले। फिर एक टीम यहां रायपुर के राजेंद्र नगर थाने में पदस्थ रहे आरक्षक केशव सिन्हा की तलाश के लिए पहुंची।
बता दें कि इस प्रकरण का पर्दाफाश होने के बाद केशव सिन्हा को निलंबित किया गया है। वह फरार है। बताया जाता है कि जब पुलिस चारामा में दबिश दे रही थी तो भाजपा प्रत्याशी ब्रम्हानंद भानुप्रतापपुर के चुनाव कार्यालय में अपने समर्थकों व भाजपा के बड़े नेताओं के साथ रहे और यहां जमकर हंगामा हुआ। यहां पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, भाजपा महामंत्री ओपी चौधरी, पूर्व मंत्री केदार कश्यप समेत बड़ी संख्या में भाजपाई मौजूद रहे। झारखंड की पुलिस निर्वाचन कार्याल भी पहुंच सकती है। ब्रम्हानंद समेत चारों आरोपितों पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। इन चारों के विरूद्ध झारखंड के जमशेदपुर जिले के टेल्को थाने में नाबालिग से दुष्कर्म और उसे देह व्यापार में धकेलने का प्रकरण दर्ज है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद भानुप्रतापुर उप चुनाव की सियासत में भूचाल आ गया है। भाजपा इसे कांग्रेस सरकार की साजिश बता रही है तो कांग्रेस इसे कानूनी कार्रवाई कह रही है।
पहले गिरफ्तारी की भाजपा ने दी चुनौती, अब हाय-तौबा क्यों : भूपेश
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि भाजपा एक बलात्कारी के साथ खड़ी है। भाजपा को गलती स्वीकार करना चाहिए। अब गलती को बार-बार छुपाने की कोशिश करेंगे। अब दूसरी गलती कर रहे हैं फिर तीसरी गलती होगी। अभी तक भाजपा के ही नेता बृजमोहन अग्रवाल और दूसरे लोग गिरफ्तार करने को लेकर चुनौती दे रहे थे। अब झारखंड पुलिस पहुंच गई तो इस मामले को षडयंत्र बताने लगे हैं। भाजपा अब हाय-तौबा क्यों मचा रही है? भाजपा नेताओं के आरोपों से जुड़े एक सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा, कानून अपना काम कर रहा है। किसी के दोस्त रहने से कोई गिरफ्तारी नहीं हो जाती , यहां थाने अथवा एसपी आफिस से मदद मांगती है तो जो भी प्रक्रिया है उसके तहत मदद की जाती है। 15 साल की नाबालिग के साथ यदि सामूहिक बलात्कार हुआ है। उस मामले पास्को एक्ट लगा है। यह उस समय लगा है जब 2019 में जब झारखंड में रघुवर दास यानी भाजपा की सरकार थी। भाजपा नेताओं को उनसे पूछना चाहिए कि इतना पहले षड़यंत्र कैसे शुरू हो गया था ? मुख्यमंत्री ने कहा, किसी के दोस्त रहने पर क्या किसी की गिरफ्तारी हो जाएगी? कानून अपना काम करता है।
हार के डर से राजनीतिक षड़यंत्र: डा. रमन सिंह
पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पास्को एक्ट के तहत 24 घंटे में कार्रवाई की जाती है। तीन वर्ष तक झारखंड की पुलिस इंतजार करती रही। कांग्रेस हार के डर से कार्रवाई कर रही है। यह पूरी घटना राजनीति से प्रेरित है। चुनाव में हार को देखते हुए यह षड़यंत्र किया जा रहा है। कोई नोटिस, सूचना, एक समन जारी नहीं किया। गलत हो रहा है। भाजपा इसका विरोध करेगी।
पीसीसी अध्यक्ष भी जांच के घेरे में
इस प्रकरण का पर्दाफाश प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम ने किया था। आरोप है कि उन्होंने मीडिया के समक्ष नाबालिग पीड़िता का नाम उजागर कर दिया था। इस मामले में राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग ने कांकेर एसपी को नोटिस भेजा है। एसपी से तीन दिन में जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। मामले में प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने किसी का नाम उजागर नहीं किया है। भाजपा प्रत्याशी जो आरोपित है, उस पर कार्रवाई होनी चाहिए।
गृहमंत्री ने दिया बयान- झारखंड पुलिस अपना काम कर रही है
Posted By: Ashish Kumar Gupta
- Font Size
- Close