रायपुर। राज्य ब्यूरो। Chhattisgarh News: मिशन 2023 की तैयारी में जुटी भाजपा बूथों को मजबूत करने की रणनीति पर लगातार काम कर रही है। छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में जिले और प्रांतीय स्तर के पदाधिकारी एक बार फिर शक्ति केंद्रों की ओर निकले हैं। ये पदाधिकारी बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से सीधे रूबरू होकर उनकी समस्याओं को समझ रहे हैं।

साथ ही आगामी विधानसभा-लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य सरकार को घेरने, मतदाताओं को जोड़ने और केंद्र की योजनाओं का लाभ दिलाने की रणनीति साझा कर रहे हैं। बूथ सशक्तीकरण कार्यक्रम को चुनावी राज्यों में अंतिम रिहर्सल के रूप में देखा जा रहा है। प्रदेश के 4,700 शक्ति केंद्रों को सशक्त और सक्रिय करने के लिए कार्यकर्ताओं में दायित्वों का विभाजन किया गया है।

पार्टी के अल्पकालिक विस्तारक अपने-अपने बूथों में 10 दिन का पूरा समय देकर इस अभियान को पूरा करेंगे। वे यहीं रात भी गुजारेंगे। 17 मार्च को अभियान के पहले दिन बूथों पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण का वाचन किया गया। यह अभियान 27 मार्च तक चलेगा। इस कार्यक्रम की मानिटरिंग प्रदेश भाजपा प्रभारी ओम माथुर, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल समेत अन्य नेता कर रहे हैं। गौरतलब है कि पांच से छह बूथों के बीच एक शक्ति केंद्र हैं और बूथों की संख्या करीब 24 हजार है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने संभाला मोर्चा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने बिलासपुर में मोर्चा संभाल रखा है। बूथ सशक्तीकरण अभियान कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अपना बूथ सबसे मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जन कल्याणकारी योजनाओं को जन जन तक पहुचाने की अपील कर रहे है। केंद्र की योजनाओं को हर जन को उसका लाभ दिलाने का आह्वान कर रहे हैं। रायपुर में पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजेश मूणत तात्यापारा मंडल के शहीद चुड़ामणि नायक वार्ड में और प्रदेश महमंत्री केदार कश्यप जगदीश मंदिर वार्ड नारायणपुर में सक्रिय हो चुके हैं। अन्य क्षेत्रों में भी भाजपा के दिग्गज नेता सक्रिय हो गए हैं।

बूथ सशक्तीकरण कार्यक्रम व प्रदेश महामंत्री भाजपा के प्रदेश संयोजक विजय शर्मा ने कहा, बूथ सशक्तीकरण अभियान में प्रदेश में निवासरत भाजपा के राष्ट्रीय व प्रादेशिक नेताओं पदाधिकारियों व सांसद विधायक सहित जनप्रतिनिधियों से लेकर मंडल इकाई तक के पदाधिकारी सभी बूथ तक पहुंचेंगे। विस्तारक इस पूरे अभियान में आम जनता से मिलकर केंद्र सरकार की योजनाओं के हितग्राहियों से चर्चा करेंगे। इस दौरान विस्तारक कार्यकर्ता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मंत्रणा कर स्थिति की समीक्षा करेंगे।

ये प्रमुख गतिविधियां

- सरल पोर्टल में बूथ विस्तारक के कार्यों का फीडबैक साझा करेंगे

- केंद्र की योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों से मुलाकात

- भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे

- प्रधानमंत्री के मन की बात को लेकर कार्ययोजना बनेगी

Posted By: Ashish Kumar Gupta

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़
 
google News
google News