भाजपा ने ओपी चौधरी की अध्यक्षता में बनाई छह सदस्यीय कमेटी, आज बनेगी कार्यक्रम की रूपरेखा

रायपुर (राज्य ब्यूरो)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 20 साल के संसदीय इतिहास पर भाजपा अब संवाद करेगी। मोदी के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री बनने के दौरान 20 साल के कार्यकाल पर एक किताब मोदी 20 प्रकाशित हुई है। इस पर प्रदेश के प्रबुद्ध लोगों के साथ भाजपा संवाद करेगी।

पार्टी ने इसके लिए पूर्व आइएएस और भाजपा केप्रदेश मंत्री ओपी चौधरी की अध्यक्षता में प्रदेश स्तरीय छह सदस्यीय कमेटी बनाई है। इसकी पहली बैठक सोमवार को भाजपा कार्यालय में होगी। संवाद में बुद्धिजीवी वर्ग के साथ प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रोफेशनल्स को शामिल किया जाएगा।

प्रदेश के सभी जिलों में एक कार्यक्रम होगा, जिसमें किताब को लेकर कांफ्रेंस, सेमिनार, पुस्तक विमोचन और परिचर्चा का आयोजन होगा। सभी जिलों में एक उच्च शिक्षण संस्थान में भी संवाद कार्यक्रम होगा। इसके लिए जिला स्तर पर तीन सदस्यीय कमेटी बनेगी।

प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, किताब का अधिक से अधिक प्रचार करना है। किताब को भाजपा कार्यालय की लाइब्रेरी के साथ अन्य शिक्षक संस्थान की लाइब्रेरी में रखना है। इसके साथ ही पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और पार्टी की विचारधारा से जुड़े लोगों तक किताब को पहुंचाना है। किताब की प्रस्तावना स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने लिखी है।

प्रदेश स्तरीय कमेटी में यह हैं सदस्य

ओपी चौधरी को संयोजक और दीपक म्हस्के को सहसंयोजक बनाया गया है। इनके साथ ही नलिनीश ठोकने, पंकज झा, शताब्दी पांडे, अनुराग अग्रवाल को सदस्य बनाया गया है।

Posted By: Ashish Kumar Gupta

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़