रायपुर (राज्य ब्यूरो)। BJP Gherao: प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित लोगों के चरण पखारकर भाजपा ने चुनावी बिगुल फूंक दिया है। विधानसभा घेराव के दौरान भाजपा ने प्रदर्शन के दौरान उन हितग्राहियों को मंच पर जगह दी, जिन्हें पीएम आवास नहीं मिल पाया। भाजपा ने उनके प्रति सहानुभूति जताई साथ ही कांग्रेस पर ताबड़तोड़ हमले करते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनते ही पीएम आवास पहली प्राथमिकता होगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित 35 जिलों से आए हुए हितग्राहियों का चरण पखार (पाव धोकर) कर उनका स्वागत किया। आवासहीन हितग्राहियों ने काले गुब्बारे उड़ाकर सरकार का विरोध किया। पीएम आवास के वंचितों को साथ में लेकर भाजपा ने प्रदेश में विधानसभा चुनाव का रोडमैप भी पेश कर दिया है। यहां सभी बड़े नेताओं ने कांग्रेस पर आरोप लगाने के साथ ही भाजपा को एक बार फिर मौका देने के बात कही।
सड्डू से जीरो पाइंट तक रास्ता बंद
प्रदर्शनकारियों को विधानसभा जाने से रोकने के लिए पुलिस ने पंडरी जब्बार नाला से लेकर जीरो प्वाइंट और सेमरिया तक बेरीकेट लगाए थे। प्रदर्शन के दौरान आम लोगों को भी विधानसभा की ओर जाने नहीं दिया गया। इसी तरह सेमरिया और नरदहा के पास भी रास्ता बंद कर दिया गया था। सुबह नौ बजे से शंकर नगर से पंडरी जाने वाले रास्ते में जाम की स्थिति बन गई थी। विधानसभा थाना क्षेत्र में जाने और आने वाले रास्ते में लोगों को काफी दि-त का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं उन्हें जिस रास्ते से भेजा गया वे भटकते रहे। लगभग रात नौ बजे तक जाम की स्थिति रही। शाम को मंदिर हसौद, तेलीबांधा और विधानसभा के क्षेत्र में लोग जाम में फंसे रहे।
भाजपाइयों को रोकने के लिए ट्रक
विधानसभा ओवरब्रिज के पास 30 से ज्यादा ट्रक खड़े करवा दिए गए थे। इसके अलावा बेरिकेटिंग वाली जगह में भी ट्रकों के जरिए भाजपाइयों को रोकने की कोशिश की गई। विधानसभा जाने वाले मार्ग पर बेरिकेटिंग की वजह से पंडरी-सड्डू-दलदल सिवनी, कचना, शंकर नगर, मंदिर हसौद रोड, जोरा, पिरदा, नरदहा आदि मार्गों लोगों को निकलने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस जवान भी घायल
प्रदर्शन के दौरान भाजपाइयों के साथ पुलिस जवान भी घायल हो गए। खूब धक्का-मुक्की हुई। पुलिस प्रशासन के मुताबिक भाजपा ने धरना प्रदर्शन के लिए स्थानीय प्रशासन से अनुमति मांगी थी। भाजपा नेताओं को नवा रायपुर स्थित धरना स्थल में प्रदर्शन करने की अनुमति दी थी। इसके साथ ही विधानसभा घेराव करने की अनुमति प्रदान नहीं दी थी। प्रदर्शन के दौरान आंसू गैस के गोले और वाटर कैनन भी प्रदर्शनकारियों को रोकने में कामयाब नहीं हो सका।
घेराव मेें शामिल हुए भाजपा नेता
विधानसभा घेराव के दौरान प्रमुख नेताओं में प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन, नंदकुमार साय, बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर, सरोज पांडे, संतोष पांडे, सुनील सोनी, विजय बघेल, चुन्नीलाल साहू, गौरीशंकर अग्रवाल, प्रेम प्रकाश पांडे, विष्णुदेव साय, विजय शर्मा विक्रम उसेंडी, अमर अग्रवाल, चंद्रशेखर साहू, राजेश मूणत, महेश गागड़ा, केदार कश्यप, ओपी चौधरी, दिनेश कश्यप, अभिषेक सिंह, सौरभ सिंह, शिवरतन शर्मा शामिल थे।
सभा में नेताओं ने यहा कहा
1. ओम माथुर-मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गरीब जनता को आवास देने के लिए पहले सर्वे कराने की बात करते है। छत्तीसगढ़ के गरीब हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास से वंचित करने का काम यह प्रदेश की झूठी सरकार ने किया है। आज का जन आक्रोश बता रहा है कि दुखी जनता प्रदेश में सरकार बदल देगी।
2. झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवरदास- प्रदेश के गरीब हितग्राहियों को आवास के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं का विधानसभा घेराव का कार्यक्रम सफल रहा। प्रधानमंत्री आवास से वंचित हितग्राहियों के आक्रोश से स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ की जनता ने बदलाव का मन बना लिया है और प्रदेश के इस चार्ज सीटेड सरकार को उखाड़ फेकेंगी।
3. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव-प्रदेश के मुखिया को प्रदेश की जनता से कोई लेना-देना नहीं है उन्हें सिर्फ अपने एक परिवार से लेना देना है। है। बेरोजगार युवाओं के साथ ठगी, प्रधानमंत्री आवास से वंचित हितग्राहियों से ठगी, किसानों से ठगी, महिला स्व सहायता समूह की बहनों से ठगी करने का कार्य भूपेश बघेल की सरकार ने किया है।
4. नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल- शर्म आनी चाहिए ऐसी सरकार को जो 16 लाख से ज्यादा हितग्राही को प्रधानमंत्री आवास से वंचित करने का काम कर रही है। आज गरीब हितग्राहियों का सपना चकनाचूर हो गया और इसका कारण है तो वह प्रदेश की कांग्रेस की सरकार है यहां के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल हैं।
5. पूर्व सांसद रामविचार नेताम-प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के गरीब जनता की हितों को देखते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना संचालित किया, लेकिन कांग्रेस सरकार की वजह से यहां लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। अब कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकना है।
6. पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक-प्रदेश में जब से कांग्रेस की सरकार आई है तब से विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं। यह सरकार केवल घोषणा करती है जो जमीनी हकीकत से कोसों दूर है। साढ़े चार साल के कार्यकाल में कांग्रेस सरकार ने एक भी आवास नहीं बनवाया।
7. पूर्व मंत्री लता उसेंडी- छत्तीसगढ़ महतारी आज रो रही है। आज हर कोई कह रहा है कि ऐसा कोई सगा नहीं जिसको भूपेश बघेल ने ठगा नहीं। समाज के हर वर्ग को इन साढ़े चार वर्षों में प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने छला है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में कांग्रेस के मुखिया खुद कहते हैं कि उनकी सरकार में भारी भ्रष्टाचार हो रहा है।
Posted By:
- Font Size
- Close