रायपुर। Budget 2023: छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव सहित भाजपा नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार के आम बजट का स्वागत करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि इस बजट ने छत्तीसगढ़ के लिए असीम संभावनाओं के द्वार खोल दिए हैं। वहीं राज्यसभा सांसद सरोज पाण्डेय ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सम्पूर्ण और समावेशी बजट पेश किया है। जिसमें देश के हर वर्ग को राहत प्रदान की गई है।

देश को नई ऊंचाई देने वाला बजट है: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव कहा है कि यह बजट गांव, गरीब, किसान, युवा, महिलाओं, बुजुर्गों, पिछड़ों, वंचितों, दलितों, जनजातीय समाज सहित हर वर्ग की आम जनता का खास बजट है। ऐतिहासिक टैक्स रिफार्म्स से सबको राहत मिली है। यह बजट, बुलंद भारत की मजबूत अर्थ व्यवस्था का प्रतीक है। मिलेट मिशन का हमारे जनजातीय समाज को विशेष लाभ मिलेगा। एकलव्य विद्यालयों में भर्तियां होंगी तो वहीं हमारे तकनीकी शिक्षा संस्थानों को नवीन अवसर मिलेंगे। इस बजट में छत्तीसगढ़ के समग्र विकास का खाका तैयार हो गया है। समावेशी विकास पर आधारित यह बजट सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास का प्रतिफल है जो देश के विकास में ऐतिहासिक भूमिका निभाएगा। यह बजट घरेलू मोर्चे पर जन आकांक्षाओं की पूर्ति, जन संतुष्टि, संतुलन के साथ ही विश्व में भारतीय अर्थ व्यवस्था का डंका बजाने वाला बजट है। गांव गरीब किसान और कृषि के उत्थान की ठोस बुनियाद वाला बजट देश की युवा पीढ़ी के भविष्य को संवारने तत्पर है। यह रोजगार देने वाला बजट है। आम मध्यम वर्ग और आम जनता को राहत देने वाला बजट है।

अमृतकाल का पहला लोक कल्याणकारी आमबजट: डा. रमन सिंह

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. रमन सिंह ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट को 'अमृतकाल' का पहला आम बजट बताते हुए इसे लोक कल्याणकारी बजट करार दिया है। उन्होंने आगे कहा कि यह बजट बच्चों की पढ़ाई, मध्यम वर्ग की कमाई और बुजुर्गों की भलाई पर जोर देने वाला है। आयकर में छूट से मध्‍यवर्गीय परिवार को बड़ी राहत मिली है।

संपूर्ण और समावेशी बजट- सरोज पाण्डेय

भारतीय जनता पार्टी की पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री, राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय ने आम बजट को भारत की मजबूती का बजट बताया। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास के हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को प्रेरणाश्रोत मानते हुए इस बजट में देश के सभी तबकों, चाहे वह किसान हों, महिलाएं हों, व्यापारी हों, नौकरीपेशा वर्ग हो या समाज के आर्थिक रूप से पिछड़े लोग हों, सभी को इस बजट में विकास की राह में आगे बढ़ने के लिए प्रावधान किया गया है और उन्हें देश की मुख्यधारा से जुड़ने का अवसर प्रदान किया गया है। यह गर्व का विषय है कि वैश्विक मंदी के इस दौर में भी आर्थिक प्रगति की दर 7 प्रतिशत रहने का अनुमान है जो भारत के लिए एक बड़ी सफलता है।

बजट संवेदनशील व दूरदर्शी - रेणुका सिंह

केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह ने आम बजट का स्वागत करते हुए कहा है कि बजट में समावेशी विकास, अंतिम व्यक्ति का विकास, अधोसंरचना एवं निवेश, सक्षमता को बढ़ावा, हरित विकास, युवा शक्ति तथा वित्तीय क्षेत्र को प्राथमिकता दी गयी है। इस बजट में जनजातीय समूह के लिए विशेष ध्यान रखा गया है। जनजातीय समूहों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए विकास मिशन शुरू किया जाएगा, ताकि पीबीटीजी बस्तियों को मूलभूत सुविधाओं से परिपूर्ण किया जा सके। इंफ्रास्ट्रक्चर और इन्वेस्टमेंट हमारी तीसरी प्राथमिकता होगी। सरकार ने 33 प्रतिशत कैपिटल एक्सपेंडिचर बढ़ाया है।

ग्लोबल हब फार मिलेट्स के तहत इंडिया मिलेट्स में काफी आगे है। न्यूट्रिशन, फूड सिक्योरिटी और किसानों के कल्याण की योजना के लिए मिलेट्स प्रोग्राम चलाए जा रहे हैं। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत महिला सम्मान बचत पत्र का ऐलान किया जा रहा है और उनके लिए न्यू सेविंग स्कीम आएगी। 2 साल के लिए इसमें निवेश कर सकेंगे और 2 लाख रुपए जमा कर सकेंगी जिस पर 7.5 फीसदी का ब्याज मिलेगा। कोई भी महिला या लड़की खाता खुलवा सकेगी और इसमें से पैसे निकालने के लिए शर्तें होंगी। ये महिला कल्याण के लिए एक बड़ा कदम इस बजट में उठाया जा रहा है।

Posted By: Ashish Kumar Gupta

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़
 
google News
google News