रायपुर। CG Election 2023 प्रदेश में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहा है, कांग्रेस और भाजपा एक दूसरे के उठाए मुद्दों की काट खोज रही है। भाजपा के केंद्रीय नेताओं ने प्रदेश के विकास के लिए डबल इंजन की सरकार का दांव खेला, तो कांग्रेस ने उसका जवाब दिया है। कांग्रेस ने डबल इंजन की सरकार के दावों के बीच इंटरनेट मीडिया पर डबल इंजन नहीं ट्रबल इंजन कैंपेन चलाया। इसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कांग्रेस नेताओं ने ट्वीट किया और कहा कि केंद्र और प्रदेश में 2014 से 2018 तक भाजपा की सरकार थी। इस समय डबल इंजन की सरकार ने आदिवासियों, किसानों, युवाओं के साथ अन्याय किया। घोटालों को अंजाम दिया और जनता की दिक्कतों को बढ़ाने का काम किया। वहीं, प्रदेश की सत्ता से बाहर हुई भाजपा ने राज्य में एक बार फिर वापसी के लिए मोदी के विकास माडल की चर्चा शुरू की है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट किया कि जब प्रदेश में डबल इंजन की सरकार थी, तब वनोपज पर डांका डाला गया। तेंदूपत्त्ता नीलामी में 300 करोड़ का घोटाला हुआ। वहीं, कांग्रेस सरकार में तेंदूपत्त्ता का समर्थन मूल्य 2500 से बढ़ाकर चार हजार रुपये किया गया। प्रदेश में सात से बढ़कर 65 वनोपज की समर्थन मूल्य पर खरीदी हो रही है। डबल इंजन की सरकार ने आदिवासियों की जमीन छीन ली। अपने कारोबारी दोस्तों को जंगल बेचने के लिए भाजपा ने बस्तर के 700 गांव खाली करा दिए। जबकि कांग्रेस ने लोहांडीगुड़ा में आदिवासियों की जमीन को वापस देने का काम किया। धान खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया कि पहले डबल इंजन ने धान खरीदी मेें बहुत परेशान किया, लेकिन अब नवा छत्त्तीसगढ़ में किसान धान से धनवान बन रहे हैं। भाजपा सरकार में प्रदेश नकली दवाओं और घटिया दवाओं का अड्डा बन गया था।

नक्सली क्षेत्र मेें हुए बदलाव का जिक्र

कांग्रेस नेताओें ने कैंपेन मेें नक्सल प्रभावित क्षेत्र में आए बदलाव का भी जिक्र किया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब डबल इंजन की सरकार थी, तब आदिवासियों को नक्सली बताकर फर्जी इनकाउंटर किया जाता था। स्कूली बच्चों को भी जेल में ठूंस दिया जाता था। जबकि कांग्रेस सरकार में आदिवासी खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैैं। प्रदेश में निर्दोष आदिवासियों के खिलाफ दर्ज 718 प्रकरण वापस लिए गए, जिससे 944 आदिवासी जेल से बाहर आने में सफल हुए। चिटफंड कंपनियों की लूट पर कांग्रेस नेताओें ने ट्वीट किया कि डबल इंजन से चलती थी लूटेरों की रेल, हमने कस दी चिटफंड लूटेरों पर नकेल। चिटफंड में ठगे गए लोगों को अब तक 40 करोड़ की राशि वापस दिलाई गई है।

Posted By: Hemant Kumar Upadhyay

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़
 
google News
google News