प्रकाश वर्मा। राजनांदगांव छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव मुख्यालय से 12 किमी दूर ग्राम रामपुर से डोंगरगांव विधानसभा क्षेत्र की सीमा शुरू हो जाती है। बालोद और राजनांदगांव से अलग होकर नए जिले के रूप में अस्तित्व में आए मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले की सीमा से लगा डोंगरगांव विधानसभा का क्षेत्र काफी बड़ा है। इसकी सीमा डोंगरगढ़ क्षेत्र के ग्राम लाल बहादुर नगर तक फैली है।
इस सीट पर कांग्रेस और भाजपा दोनों का समान प्रभाव है। पिछले दो विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार को जीत मिली है, हालांकि इससे पहले वर्ष 2003 और 2008 के चुनाव में डोंगरगांव की सीट भाजपा के कब्जे में थी। डोंगरगांव विधानसभा के ग्राम लालबहादुर नगर (एलबी नगर) को अब तहसील का दर्जा मिल गया है इसलिए लोगों को अब तहसील के काम के लिए डोंगरगांव नहीं आना पड़ रहा है। क्षेत्र की लगभग सभी सड़कें पक्की हैं। वर्तमान में भी कई गांवों में सड़कों के डामरीकरण व मरम्मत का काम चल रहा है।
नईदुनिया की टीम जब डोंगरगांव मुख्यालय पहुंची तो सड़क चौड़ीकरण के लिए तोड़फोड़ की कार्रवाई चल रही थी। इस कार्रवाई से कई व्यवसायी नाराज दिखे। कुछ विरोध करते मिले तो कुछ अन्य वर्षों पुरानी चौड़ीकरण की मांग पर काम शुरू होने से उत्साहित भी नजर आए। यहां बताया गया कि स्टेट हाईवे का फोरलेन के रूप में उन्नयन किया जाएगा।
गांवों में स्वास्थ्य कैंप के माध्यम से लोगों का परीक्षण कर निश्शुल्क दवा वितरण और नेत्र रोगियों को निश्शुल्क चश्मा भी भेंट किया जा रहा है। लोगों ने यह भी बताया कि विधायक अपने निवास पर रोजाना नौ से 11 बजे तक जनदर्शन में बैठते हैं जहां दूर दूर से आए लोगों की समस्या सुनते हैं और निराकरण भी करते हैं।
जनता की जरूरतों का रखा जा रहा ध्यान: साहू डोंगरगांव विधायक और छग राज्य ग्रामीण व अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष दलेश्वर साहू ने दावा किया कि क्षेत्र की जनता सरकार के कार्यों से प्रसन्न है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार किसान व मजदूर सहित हर वर्ग का ध्यान रख रही है। 15 वर्ष के भाजपा शासनकाल में जो वादे पूरे नहीं किए गए थे, उन्हें पूरा किया गया है। सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है।
एलबी नगर को तहसील का दर्जा दिया गया है। डोंगरगांव में महाविद्यालय खुलने वाला है। विकास का नया काम नहीं घोषणापत्र भी अधूरा: यादव पिछले चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी रहे पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने कहा कि पांच वर्षों में डोंगरगांव विधानसभा में विकास का एक भी काम नहीं हुआ है। चुनावी घोषणापत्र में किए वादे को भी विधायक पूरा नहीं कर पाए हैं। भाजपा शासनकाल में स्वीकृत हुए विकास के कार्यों को भी वर्तमान विधायक पूरा नहीं करवा पाए। उनके कार्यकाल में लोगों की अपेक्षाएं अधूरी हैं।
दलेश्वर साहू, विधायक
आत्मानंद स्कूल खुलने से लोग खुश कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्र के गांव रहे एलबी नगर (लालबहादुर नगर) को तहसील का दर्जा मिला तो क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई। पूर्ववर्ती शासनकाल में भी यह मांग उठी थी, जिस पर घोषणा तो हुई थी लेकिन तहसील का दर्जा नहीं मिला था। अब यहां तहसील कार्यालय खुल गया है। शिक्षा व स्वास्थ्य केंद्र के क्षेत्र में भी काम हुआ है। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी मीडियम स्कूल खुलने से ग्रामीण बच्चों को निजी स्कूलों की महंगी फीस से छुटकारा मिला है। विधायक के प्रति खास असंतोष नहीं दिखा।
जनसंपर्क अभियान के दौरान गांव में पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों से मुलाकात करते विधायक दलेश्वर साहू। lनईदुनिया
यह हैं डोंगरगांव के स्थानीय मुद्दे
डोंगरगांव विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों में सड़क-पानी-बिजली ही प्रमुख है। क्षेत्र की कई पंचायतों में पेयजल के लिए बन रही टंकी का निर्माण का काम सालभर से अधूरा है। ब्लाक मुख्यालय में ही नल-जल योजना बेहाल है। क्षेत्र में रेत और मुरम की तस्करी व शराब की अवैध बिक्री के मुद्दे पर ही लोग कुछ आक्रोशित दिखे। डोंगरगांव की मुख्य सड़क के चौड़ीकरण से प्रभावित व्यवसायियों को मुआवजा नहीं मिलने से नाराजगी है। दर्री-मटिया एनीकट में बाढ़ के दौरान बहे खेतों के को लेकर किसानों में नाराजगी है।
पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह रहे हैं यहां के विधायक
छत्तीसगढ़ की राजनीति में डोंगरगांव विधानसभा सीट का अलग महत्व है। यहां से वर्ष 2003 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रदीप गांधी की जीत हुई थी। इसी वर्ष उपचुनाव कराया गया, जिसमें भाजपा के ही प्रत्याशी रहे डा. रमन सिंह ने रिकार्ड मतों से जीत हासिल की और मुख्यमंत्री बनें। 2008 के विधानसभा चुनाव में भी बीजेपी प्रत्याशी की जीत हुई परंतु 2013 और 2018 में कांग्रेस के विधायक दलेश्वर साहू ने भाजपा का यह किला ढहा दिया। वर्तमान में दलेश्वर ही यहां के विधायक हैं।
मधुसूदन यादव, पूर्व सांसद
Posted By: Ashish Kumar Gupta
- # CG Election 2023 MLA Report Card
- # CG Vidhan Sabha Chunav 2023
- # CG Assembly Election 2023
- # CG Election 2023
- # Chhattisgarh Assembly Election 2023