रायपुर (राज्य ब्यूरो)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने छत्तीसगढ़ के 22 जिलों में स्वावलंबी भारत अभियान के अंतर्गत उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलनों के साथ जिला रोजगार सृजन केंद्रों का शुभारंभ किया है, जिसमें 426 वालिंटियर्स जुड़े हैं। इन रोजगार सृजन केंद्र के माध्यम से लोगों को स्व-रोजगार की जानकारी दी जा रही है। ये उद्यम एवं रोजगार के लिए मार्गदर्शन देने का कार्य कर रहे हैं।

शुक्रवार को पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए आरएसएस के प्रांत संघ चालक पुर्णेंदु सक्सेना ने बताया कि लोगों को स्वावलंबी बनाने की दिशा में आरएसएस के कार्यों को गति मिल रही है। छत्तीसगढ़ प्रांत में कार्यकर्ता प्रशिक्षण एवं गुणवत्ता विकास वर्गों के माध्यम से नए कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ रही है। संघ के स्वयंसेवकों की गतिविधियों के माध्यम से कुटुम्ब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण तथा नागरिक कर्तव्यबोध विषयों पर योजनाबद्ध रूप से कार्य हो रहा है। क्षेत्र का सामाजिक अध्ययन शाखाओं में रहा है।

125 सेवा बस्तियों में कार्य प्रारंभ-

रायपुर महानगर में सेवाकार्य के लिए 83 सेवा बस्ती चिन्हित कर उनसे से 32 सेवा बस्ती में सेवा कार्य प्रारंभ किए गए हैं। प्रांत के अन्य 33 जिलों में सेवा कार्य के लिए 147 सेवा बस्ती चिन्हित कर उनमें से 125 सेवा बस्ती में सेवा कार्य प्रारंभ हुए हैं।

इन सेवा बस्तियों में स्वयंसेवकों के संपर्क माध्यम से व समाज के सहयोग से अभावग्रस्त लोगों के बीच सेवा कार्य संचालित किया जा रहा है। स्वयंसेवकों ने ऐसे मंदिर चिन्हित किए जहां लोगों का आना कम होता है। इन मंदिरों में प्रति मंगलवार और शनिवार को आरती एवं हनुमान चालीसा पाठ प्रारंभ किया गया है।

2025 तक एक लाख स्थानों तक पहुंचेंगे -

सक्सेना ने कहा कि, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक 12, 13 एवं 14 मार्च को सेवा साधना एवं ग्राम विकास केंद्र पट्टीकल्याणा, समालखा (पानीपत, हरियाणा) में आयोजित की गई थी। अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में देशभर से 34 संगठनों के 1474 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रतिनिधि सभा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय स्तर पर कार्य स्थिति भी प्रतिनिधियों के समक्ष रखी गई।

बताया गया कि देश के प्रत्येक भाग में संघ कार्य में वृद्धि हो रही है। 2025 में संघ अपने स्थापना के 100 वर्ष पूरे करने जा रहा है। वर्तमान में संघ 71355 स्थानों पर प्रत्यक्ष तौर पर कार्य कर समाज परिर्वतन के महत्वपूर्ण कार्य में अपनी भूमिका निर्वाह कर रहा है। अगले एक वर्ष तक एक लाख स्थानों तक पहुंचना संघ का लक्ष्य है।

Posted By: Pramod Sahu

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़
  • Font Size
  • Close