रायपुर। CG Weather Update: पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ रही उमस से लोगों को राहत मिलने वाली है। एक प्रकार से गायब सी गई ठंड फिर से लौटने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार शाम से मौसम में बदलाव होगा और देर शाम या रात में बादल छाएंगे।

इसके अगले दिन सोमवार से अधिकतम तापमान में थोड़ा गिरावट शुरू होगा और एक-दो दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू होगी। विभाग का कहना है कि तीन फरवरी तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी। इससे थोड़ी ठंडकता भी बढ़ेगी।

शनिवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा। हालांकि सुबह-सुबह हल्की ठंड में बढ़ोतरी रही,लेकिन दोपहर बाद तेज धूप के चलते उमस भी बढ़ गई। इन दिनों दिन में उमस बढ़ने के साथ ही रात में ठंड कम हो गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले सप्ताह से ठंड फिर से लौटने वाली है। शनिवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।

प्रदेश भर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान कृषि विज्ञान केंद्र दंतेवाड़ा में 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। साथ ही सबसे कम न्यूनतम तापमान कृषि विज्ञान केंद्र कवर्धा में 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

चार डिग्री तक तक घटेगा न्यूनतम तापमान

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने कहा, तीन फरवरी तक न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। इसके साथ ही अधिकतम तापमान भी सामान्य रहेगा। इससे ठंड भी थोड़ी बढ़ सकती है।

Posted By: Ashish Kumar Gupta

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़
  • Font Size
  • Close