भिलाई। Crime News: सीमेंट कंपनी में नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने की एक घटना हुई है। आरोपित ने शिकायतकर्ता के मोबाइल पर सीमेंट कंपनी में नौकरी लगवाने के संबंध में मैसेज भेजा था। शिकायतकर्ता ने उस मैसेज के माध्यम से फार्म भरा। इसके बाद 10 रुपये का आवेदन शुल्क जमा करने के लिए अपने बैंक की जानकारी डाली। उसने जैसे ही ओटीपी दर्ज किया, उसके खाते से 50 हजार रुपये कट गए। शिकायतकर्ता ने पुलिस से घटना की शिकायत की थी। इसकी जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस ने बताया कि सेक्टर-4 निवासी शिकायतकर्ता विद्यासागर पारोचे ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता के मोबाइल पर आठ जुलाई 2020 को एक मोबाइल से फोन आया था। बात कर रहे व्यक्ति ने अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी में नौकरी लगाने की बात कही थी। इसके बाद उसने पीड़ित के मोबाइल में मैसेज के जरिये एक लिंक भेजा।
शिकायतकर्ता ने उक्त लिंक को खोलकर अपनी जानकारी भरी। इसके बाद आरोपित ने आवेदन के लिए ऑनलाइन 10 रुपये जमा करने के लिए कहा। शिकायतकर्ता ने लिंक पर अपने बैंक की डिटेल भरने के बाद ओटीपी दर्ज किया। ओटीपी दर्ज करते ही शिकायतकर्ता के खाते से 50 हजार रुपये कट गए।
इसके बाद शिकायतकर्ता ने आरोपित को फिर से फोन किया, लेकिन आरोपित ने फोन नहीं उठाया। घटना के बाद उसने भट्ठी थाना में शिकायत की। मामले की जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा प्राथमिकी दर्ज की है। अभी तक जालसाज के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।
Posted By: Shashank.bajpai
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे