रायपुर (राज्य ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ में सत्ता में वापसी के लिए संघर्ष कर रही भाजपा अब नए फार्मूले से संगठन को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ने जा रही है। भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में तय किया गया है कि प्रोफेशनल (डाक्टर, इंजीनियर, सीएम, वकील, पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता) को पार्टी से जोड़ा जाएगा।
हालांकि भाजपा का चिकित्सा प्रकोष्ठ, विधि प्रकोष्ठ, एनजीओ प्रकोष्ठ, आर्थिक प्रकोष्ठ पहले से ही काम कर रहा है, लेकिन पार्टी में जान फूंकने के लिए इसका विस्तार किया जाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा रमन सिंह ने बताया कि अब पार्टी अपने नए टारगेट के तहत काम करेगी।
वर्किंग प्रोफेशनल्स को पार्टी से जोड़ा जाएगा। राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने तमाम नेताओं को यह लक्ष्य दिया है। अब पार्टी डाक्टर वकील, पत्रकार, चार्टर्ड अकाउंटेंट जैसे अलग-अलग प्रोफेशन से जुड़े ऐसे लोगों को जोड़ेगी। इसके साथ ही संगठन में प्रशिक्षण और बूथ कमेटियों की कार्यसमिति को 30 जून तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
पौधारोपण अभियान छह जुलाई तक बूथ स्तर तक चलेगा
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश की कार्यसमिति 10 जून तक, जिलों की कार्यसमिति 20 जून और 30 जून तक मंडलों की कार्यसमिति होगी। प्रदेश में जुलाई तक तीन दिन के प्रशिक्षण वर्ग होंगे। 23 जून को डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उनकों श्रद्धाजंलि देते हुए पौधारोपण अभियान शुरू किया जाएगा। यह अभियान छह जुलाई तक बूथ स्तर तक चलेगा।
हर जिले और मंडल में आयोजन किया जाएगा योग शिविर का
21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 75 हजार स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता योग शिविर लगाएंगे और उसमें भाग लेंगे। प्रदेश में हर जिले और मंडल में योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। साय ने बताया कि मोदी सरकार के आठ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 30 मई से 14 जून तक सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण कार्यक्रम मनाया जाएगा। कार्यकर्ता केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएंगे।
Posted By: Pramod Sahu
- Font Size
- Close
- # Chhattisgarh BJP
- # new formula to return to power
- # doctors
- # lawyers
- # journalists
- # chartered accountants
- # party
- # cg bjp
- # cg news
- # cg politics
- # latest news
- # breaking news
- # big news
- # raipur news