रायपुर। 12 जून, यह वह तारीख होती है जिस दिन मानसून जगदलपुर में दस्तक देता है। समूचे प्रदेश में फुहारें पड़ने लगती हैं। गर्मी से निजात मिल जाती है। मगर इस साल मानसून दक्षिण भारत में ही अटक कर रह गया है। मौसम विभाग ने पहले 16 जून तक छत्तीसगढ़ में मानसून आने का पूर्वानुमान जारी किया था। मगर जिस तरह के सिस्टम बने हैं, इससे माना जा रहा है कि 20 जून तक पहुंचेगा। यानी अभी सात दिन और 42-44 डिग्री के बीच गुजारने होंगे। इन सबकी वजह है 'वायु' तूफान।
इसने पूरे मानसूनी सिस्टम को घुमा दिया या यूं कहें कि आगे बढ़ने ही नहीं दिया। मौसम विज्ञानी मानते हैं कि अगर यही तूफान अरब सागर में बनने के बजाय हिंद महासागर में बनता तो आज पारा 40 डिग्री के नीचे होता। अब हिंद महासागर में कोई चक्रवात उठता है तो वह मानसून को आगे बढ़ाएगा। इसका इंतजार है।
मौसम विभाग ने बीते चार दिनों से प्रदेश में 'लू' अलर्ट जारी कर रखा है। इसे अगले 48 घंटे के लिए और बढ़ा दिया गया है। जून का महीना ही है, जब 12 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री के नीचे उतर ही जाता था।
रात में भट्ठी की तरह भभक रहे हैं घर-
दिन का तापमान घरों की दीवारों, छत को इतना गर्म कर दे रहा है कि रात में घर भट्ठी की तरह भभक रहे हैं। दूसरी ओर रात का पारा भी इस समय दो से सात डिग्री तक अधिक बना हुआ है। यही कारण हैं कि पक्के मकानों में लोगों का रहना मुश्किल हो रहा है। सिर्फ एसी काम कर रहे हैं, पंखे-कूलर तो औपचारिक ही साबित हो रहे हैं।
शहरों का तापमान-
जिला- अधिकतम- न्यूनतम
रायपुर- 44.2 (5)- 33.9 (7)
बिलासपुर- 46.2 (6)- 32.2 (4)
पेंड्रा- 42.5 (5)- 31.3 (6)
अंबिकापुर- 44.2 (5)- 30.4 (5)
जगदलपुर- 39.6 (5)- 26.2 (2)
दुर्ग- 43.6 (5)- 32.6 (5)
राजनांदगांव- 43.4 (6)- 32.0 (7)
(नोट- ब्रेकेट में सामान्य से अधिक तापमान )
रायपुर का आज का पूर्वानुमान
लू चलने का पूर्वानुमान है। रायपुर के आसपास के कुछ हिस्सों में शाम को कहीं-कहीं पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। पारा 44 डिग्री के करीब रहेगा। तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा।
समझें क्या होता है मानसून ब्रेक-
मौसम विज्ञानी पोषण लाल देवांगन के मुताबिक मानसून ब्रेक तब होता है जब मानसून समूचे देश में पहुंच जाए और उसके बाद बारिश होनी बंद हो जाए। मगर अभी तो समूचे देश में मानसून पहुंचा ही नहीं है। अभी यह दक्षिण भारत में ही लगभग स्थिर जैसी स्थिति में है।
Posted By: Nai Dunia News Network
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे