रायपुर (नईदुनिया, राज्य ब्यूरो)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शुक्रवार को दिल्ली प्रवास पर रवाना हुए। दिल्ली में आला नेताओं से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री देर शाम को वापस लौट आए। दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र दावेदार राहुल गांधी हैं। उन्हें यह पद एक बार फिर संभाल लेना चाहिए। राहुल के नेतृत्व पर कांग्रेस के एक-एक कार्यकर्ता को भरोसा है। इससे पहले कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में भी राहुल गांधी के नाम पर मुहर लग गई है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री सीडब्ल्यूसी के पदाधिकारियों से मुलाकात किया और संगठन के मुद्दे पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने की वकालत भी की।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन पर कहा कि किसानों की एक ही मांग है कि उनका अनाज समर्थन मूल्य पर खरीदा जाए। केंद्र सरकार का कहना है कि अनाज सरप्लस हो गया है। एफसीआइ के गोदाम में अनाज रखने की जगह नहीं है। हमने उसका भी हल दिया। धान से एथेनाल बनाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को दिया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। इससे किसानों को सही दाम मिलेगा और विदेशी मुद्रा भी बचेगी। साथ ही लोगों को रोजगार भी मिलेगा। भारत सरकार देर से मानेगी, लेकिन हमारी योजना पर मुहर लगाएगी। मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन के उस ट्वीट का भी जवाब दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि मक्का कम दाम पर बिक रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल डिमांड बढ़ी है, तो दाम भी बढ़ गया है। जैसे महुआ का समर्थन मूल्य 17 रुपये से 30 रुपये किया गया तो अब बाजार में 35-40 रुपये किलो बिक रहा है। यदि सरकार समर्थन मूल्य पर खरीदी करे, तो किसानों को ज्यादा दाम मिलेगा।
Posted By: Nai Dunia News Network
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
- #CM Baghel
- #Rahul Gandhi
- #Congress National President
- #Raipur News in Hindi
- #Raipur Latest News
- #Raipur Headlines
- #Chhattishgarh News