Publish Date: | Sun, 22 Jan 2023 01:36 PM (IST)
रायपुर। राज्य ब्यूरो। Chhattisgarh Political News: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भेंट मुलाकात के दौरान प्रदेश की 52 विधानसभा सीट का दौरा पूरा कर लिया है। मुख्यमंत्री बघेल ने रविवार को रायपुर की धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में जनता से सीधा संवाद किया। यहां कांग्रेस की विधायक अनिता शर्मा है। झीरम घाटी नक्सली हमले में अनिता के पति योगेंद्र शर्मा की मौत हुई थी। मुख्यमंत्री ने न सिर्फ धरसींवा के विकास कार्यों को परखेंगे, बल्कि योगेंद्र शर्मा की प्रतिमा का अनावरण भी किया। वर्ष 2013 में कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा के दौरान योगेंद्र तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार पटेल की गाड़ी में थे और नक्सली गोलीबारी में मौके पर ही मौत हो गई थी। धरसींवा सीट पर राज्य गठन के बाद हुए चुनाव में भाजपा ने लगातार तीन बार जीत दर्ज की थी। पिछले चुनाव में भाजपा के देवजी पटेल को हार का सामना करना पड़ा था।
कांग्रेस को पहली बार 1998 में मिली थी जीत
धरसींवा सीट पर कांग्रेस के विधान मिश्रा ने 1998 में पहली बार जीत दर्ज की थी। कांग्रेस पार्टी ने विधान मिश्रा को 1993 में भी उम्मीदवार बनाया था, लेकिन वह भाजपा के बालाराम वर्मा से 1796 वोट से हार गए थे। अगले चुनाव में विधान ने बालाराम को हराया था। इस जीत के बाद विधान मिश्रा को जोगी सरकार में मंत्री भी बनाया गया था।
धरसींवा में कोई भी लगातार दो बार चुनाव नहीं जीता
2003 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने विधान का टिकट काटकर छाया वर्मा को उम्मीदवार बनाया, जिन्हें भाजपा के देवजी पटेल ने हरा दिया। 2008 के चुनाव में कांग्रेस ने स्वतंत्रता संग्राम परिवार से जुड़े छत्रपास सिरमौर को उम्मीदवार बनाया, जिन्हें देवजी पटेल ने हराकर लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। अब तक धरसींवा में कोई भी लगातार दो बार चुनाव नहीं जीता था।
कांग्रेस की अनिता शर्मा ने 2018 में दर्ज की जीत
झीरम घाटी कांड के बाद कांग्रेस ने अनिता शर्मा को उम्मीदवार बनाया, लेकिन वह भी देवजी से 2390 वोट से हार गई। झीरम की सहानुभूति अनिता के पक्ष में नहीं गई। चुनाव हारने के बाद भी तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे भूपेश बघेल ने अनिता शर्मा को 2018 के चुनाव में एक बार फिर उम्मीदवार बनावाया और अनिता ने जीत दर्ज की।
वर्ष - कांग्रेस प्रत्याशी - वोट - भाजपा प्रत्याशी - वोट
1993- विधानचंद मिश्रा- 29625- बालाराम वर्मा- 31421
1998- विधान चंद मिश्रा- 42532- बालाराम वर्मा- 35495
2003- छाया वर्मा-41520- देवजी पटेल- 57637
2008-छत्रपाल सिरमौर- 45057- देवजी पटेल- 51396
2013- अनिता शर्मा- 67029-देवजी पटेल- 69419
2018- अनिता शर्मा- 78989-देवजी पटेल- 59589
Posted By: Ashish Kumar Gupta