रायपुर। Raipur News : छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के बैनर तले विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने धमतरी में कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री व मुख्य सचिव के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर लंबित मांगों को पूर्ण करने की मांग की है। छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष राजेंद्र चंद्राकर की अगुवाई में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ, कोटवार संघ समेत विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने 26 नवंबर को जनपद पंचायत के पास सभा का आयोजन किया।
यहां करीब 200 से अधिक कर्मचारी पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। केंद्रीय और राज्य के कर्मचारियों की लंबित मांगों को पूर्ण करने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को पुलिस अधिकारी व जवानों ने गेट के सामने रोका। प्रदर्शन के बाद कर्मचारी संघ ने प्रधानमंत्री व मुख्य सचिव छत्तीसगढ़ के नाम से अपर कलेक्टर दिलीप अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगे शीघ्र पूरा करने की मांग की है।
जिला पंचायत सचिव संघ के जिलाध्यक्ष चैंपेश्वर यादव ने कहा कि लंबे समय से सचिव पंचायतों में काम कर रहे हैं, लेकिन सरकार आज तक इन लोगों को शासकीय कर्मचारी नहीं माना है। सचिवों की मांग है कि उन्हें भी शिक्षाकर्मियों की तरह शासकीय कर्मचारी बनाया जाए। उनकी मांगे शीघ्र पूरा नहीं होने पर प्रदेशभर के सचिव अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करेंगे। वहीं कोटवार संघ के अध्यक्ष सियाराम ने कहा कि उन्हें शासकीय कर्मचारियों की तरह संतोषजनक पेमेंट दिया जाए और अन्य सुविधाओं का लाभ दिया जाए।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ के अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कलेक्टर दर पर मानदेय देने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक नहीं दिया जा रहा है। राज्य की भूपेश बघेल की सरकार उनकी मांगों को शीघ्र पूरा करें, नहीं तो जल्द ही संघ के बैनर तले हड़ताल किया जाएगा।
कोरोना को देखते हुए इस आंदोलन में कम संख्या में कर्मचारी शामिल हुए। प्रदर्शन में जिला शाखा छत्तीसगढ़ कर्मचारी संघ के चंदू लाल चंद्राकर, यशवंत सिन्हा, सुखदेव करसायल, केके बैस, चुन्नीलाल तुरिया, महेंद्र साहू, कृपा शंकर मिश्र, हनुमंत लाल सिन्हा, हृदय राम जुर्री, चंदन सिंह तुरंग, पवन कुमार बांसकर, संतराम साहू, राजेंद्र देवदास, खेती वत्सल आदि शामिल थे।
Posted By: Shashank.bajpai
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे