रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। शास्त्री बाजार में 17 करोड़ की लागत से चार मंजिला व्यावसायिक कांप्लेक्स बनाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस कांप्लेक्स के प्रत्येक फ्लोर में 21 दुकानें रहेंगी और बेसमेंट में पार्किंग के लिए अलग से व्यवस्था है।

शुक्रवार को कलेक्टर डा. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने कांप्लेक्स का अवलोकन किया। स्मार्ट सिटी के अधिकारियों ने बताया कि व्यावसायिक कांप्लेक्स का निर्माण कार्य जून, 2023 तक पूरा किया जाएगा। इस कांप्लेक्स के बनने से यहां के व्यापारियों के साथ ही आने वाले ग्राहकों को भी फायदा मिलेगा।

सात करोड़ से अधिक की लागत से हो रहा तीन तालाबों का सुंदरीकरण

तेलीबांधा के डबरी तालाब, मठ पुरैना के हल्का तालाब और भाठागांव के आरछी तालाब में सुंदरीकरण व नागरिक के लिए अन्य सुविधाएं दी जा रही है। बताया जा रहा है कि तालाबों के सुंदरीकरण के साथ ही यहां आम नागरिकों के लिए पाथवे निर्माण, घाट निर्माण, बाउंड्रीवाल, इलेक्ट्रिक पोल व लैंडस्केप बनाए जा रहे हैं।

आरछी तालाब में तीन करोड़ 46 लाख, हल्का तालाब में दो करोड़ 46 लाख व डबरी तालाब में एक करोड़ 97 लाख की लागत से निर्माण हो रहा है। शुक्रवार को कलेक्टर डा. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने इन तालाबों का भी निरीक्षण किया।

Posted By: Pramod Sahu

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़