रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में धार्मिक त्योहारों की ही तरह राष्ट्रीय पर्व भी घर-घर का त्योहार बने इस मुहिम को लेकर संस्था नवसृजन मंच घर घर तिरंगा अभियान चला रही है। संस्था नवसृजन मंच द्वारा एक अभिनव पहल शुरू की गई, जिसमें हम अपने घर की छत पर या आंगन में ध्वजारोहण अपने परिवार के साथ करें।
इसके लिए हेश टेग घर-घर तिरंगा अभियान को इंटरनेट प्लेटफार्म में ट्रोल किया जा रहा है। साथ ही वेब मीटिंग के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। इस अभियान को लेकर राज्यपाल अनुसुईया उइके ने इस संदर्भ में आम जनता के लिए संदेश जारी किया गया है। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह, पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल, विधायक विकास उपाध्याय सहित प्रदेशभर में काम करने वाली सामाजिक संस्थाएं को अभियान से जोड़ा जा रहा है।
नौ से 10 बजे के बीच घर-घर में फहराया जाएगा तिरंगा
26 जनवरी को सुबह 9 से 10 बजे के बीच घर-घर में तिरंगा फहराया लहराया जाना है। राष्ट्रगान जन गण मन के गान के साथ परिवार वालों के बीच राष्ट्रीय पर्व मनाया जाएगा। संस्था नवसृजन मंच के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने बताया कि हम सभी अपने धार्मिक पर्व घर-घर में मनाते है, लेकिन राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त और 26 जनवरी सिर्फ सरकारी आयोजनों तक ही सीमित है।
महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई
गणतंत्र दिवस के दिन देशभर में राष्ट्रगान करके ध्वज को सलामी दी जाएगी। इसे देखते हुए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सेवादल ने राजधानी के विभिन्न चौक-चौराहों पर स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई की। साथ ही नेताजी सुभाषचंद्र बोस जयंती पर प्रतिमा पर माल्यार्पण करके आदरांजलि दी।
प्रतिमाओं की सफाई के अभियान में जिला मुख्य संगठक जसविंदर सिंह गिल, (अमन गिल) के नेतृत्व में भारतमाता की प्रतिमा, भारत रत्न डा.भीमराव आंबेडकर, पूर्व प्रधानमंत्री स्व.लाल बहादुर शास्त्री, राजीव गाँधी, इंदिरा गाँधी, महात्मा गाँधी, सुभाष चन्द्र बोस, भगत सिंह की प्रतिमाओं की साफ-सफाई कर माल्यार्पण किया गया।
Posted By: Kadir Khan