रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। महाराष्ट्रीयन स्वर्णकार समाज रायपुर के नेतृत्व में रविवार की रात महाराष्ट्र मंडल समता कालोनी में दीपावली मिलन का आयोजन किया गया। कोरोना त्रासदी के लंबे अंतराल के बाद समाज जन एक छत के नीचे जुटे और आपस में अपने सुख-दुख बांटे। साथ ही दीप पर्व की खुशियां मिलकर मनाई। बड़ी संख्या में शामिल समाजजनों के बच्चों ने इस मौके पर फूलों की रंगोली, आरती की थाल सजाकर व गायन में अपनी प्रतिभा दिखाई।
कार्यक्रम की शुरूआत संत शिरोमणि नरहरि महाराज के चित्र पर समाज के अध्यक्ष ध्रुव कुमार बांगरे, महासचिव संतोष प्रभाकर भजे, कोषाध्यक्ष विजय ढोमने, संगठन प्रभारी सुशील पोगड़े, उपाध्यक्ष श्रीमती अलका ताई लेले द्वारा माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलन से की गई। मुख्य कार्यकारिणी के सदस्यों ने नव मनोनीत महिला संगठन के पदाधिकारियों का स्वागत कर उन्हें समाज के प्रति समर्पण भाव से कार्य करने की शपथ दिलाई।
आरती की थाल व फूलों से सजाई रंगोली
इस मौके पर फूलों की रंगोली, आरती की थाल व प्रश्नोत्तरी में बच्चों-महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। समाज के युवा विजय दाते ने गीतों की रंगारंग प्रस्तुति से समां बांधा। समाज के पूर्व अध्यक्ष भाऊराव ढोमने ने अपने संबोधन में समाज की कार्यकारिणी की प्रशंसा कर मनोबल बढ़ाते हुए एक प्रेरक गीत प्रस्तुत किया। वहीं अध्यक्ष श्री बांगरे ने अपनी कार्यकारिणी का धन्यवाद किया। महासचिव संतोष प्रभाकर भजे ने आभार प्रदर्शित कर समाज-संगठन के सर्वांगीण विकास के लिए एकजुटता और सहयोग का आह्वान किया।
आयोजन में संस्थापक सदस्य वासुदेव दाते, प्रदीप खरवड़े, पूर्व अध्यक्ष भाऊराव ढोमने, वर्तमान कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष संजीव बांगरे, शंकर राव भजे, सहसचिव दिलीप पोगड़े, युवा कार्यकारिणी सचिव दिनेश डिब्बे, सहसचिव आनंद टेटे, महिला संगठन अध्यक्ष श्रीमती विशाखा पोगड़े, सचिव कु. श्रुति ढोमने सहित बड़ी संख्या में समाज जन सपरिवार शामिल थे।
Posted By: Ravindra Thengdi