रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। प्रदेश समेत पूरे देश भर में अब मानसून सक्रिय हो गया है। मानसून की सक्रियता से अब प्रदेश के लगभग सभी स्थानों में वर्षा होने लगी है। उत्तर ओडिशा व उससे लगे आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिसके प्रभाव से रविवार को प्रदेश भर में बादल छाए रहेंगे। साथ ही कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा होने संभावना व आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।
शनिवार को दिनभर उमस रही,लेकिन देर शाम मौसम का मिजाज बदला और राजधानी सहित प्रदेश के कई स्थानों में वर्षा की फुहारों ने उमस से राहत दिलाई। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में गरज चमक के साथ छींटे पड़ सकते है। शनिवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। इसी प्रकार जगदलपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम रहा। यहां का अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यहां हुई वर्षा
कुसमी में 9 सेमी, बीजापुर में 7 सेमी, बसना में 6 सेमी, शक्ति-भैरमगढ़-वाड्रफनगर में 5 सेमी, रामानुजनगर-पिथौरा-मालखरौदा में 4 सेमी वर्षा दर्ज हुई है। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि ओडिशा व उससे लगे आसपास के क्षेत्रों में निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसके प्रभाव से सोमवार तक प्रदेश भर में लगातार वर्षा के आसार हैं।

यह बन रहा सिस्टम
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि शनिवार को मानसून देशभर में पहुंच गया है। अगले 48 घंटों के भीतर उत्तर ओडिशा व उसके आसपास एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसके प्रभाव से रविवार को प्रदेश के विभिन्ना क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा के आसार है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा होने की संभावना व आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।
Posted By: Pramod Sahu
- Font Size
- Close