रायपुर। (नईदुनिया प्रतिनिधि)
प्रदेश में आने वाली उत्तरी हवाओं के कारण बीते चौबीस घंटों में राजधानी रायपुर सहित प्रदेश भर में ठिठुरन बढ़ गई है। साथ ही आउटर क्षेत्रों में घना कोहरा भी छाने लगा है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में ये उत्तरी हवाएं ठंड और बढ़ाने वाली हैं। सरगुजा क्षेत्र के कुछ इलाकों में तो शीतलहर की स्थिति आ गई है। बाकी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ही ठंड में और बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग का कहना है कि न्यूनतम तापमान गिरने के साथ ही कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा भी छाएगा। मौसम विभाग ने शीतलहर को देखते हुए लोगों को सतर्कता बरतने भी कहा है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि न्यूनतम तापमान में गिरावट होने से ठंड और बढ़ने वाली है। उत्तरी हवाओं के कारण ऐसा हो रहा है। अगले चौबीस घंटों में भी मौसम ऐसा ही रहेगा।
साफ रहेगा आसमान
ठंड बढ़ने के साथ ही राजधानी रायपुर और प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा और आसमान पूरी तरह से साफ रहने के आसार हैं, लेकिन शीतलहर वाले क्षेत्रों में निश्चित रूप से घना कोहरा देखना को मिलेगा। कोहरे का असर आउटर क्षेत्रों में भी दिखेगा। ठंड बढ़ने के साथ अब एक बार फिर से गर्म कपड़े संस्थानों में ग्राहकों की भीड़ दिखने लगी है और कारोबारी भी अपना स्टाक मंगाने लगे हैं। गर्म कपड़ों पर इन दिनों 30 से 40 फीसद तक का आफर दिया जा रहा है।
ऐसा रहा न्यूनतम तापमान
रायपुर 14.2 डिग्री सेल्सियस
बिलासपुर 11.0 डिग्री सेल्सियस
पेंड्रा 8.4 डिग्री सेल्सियस
अंबिकापुर 7.4 डिग्री सेल्सियस
जगदलपुर 14.0 डिग्री सेल्सियस
दुर्ग 10.4 डिग्री सेल्सियस
Posted By: Nai Dunia News Network
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे