रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के संगीतज्ञ मदन सिंह चौहान ‘गुरूजी‘ को कला के क्षेत्र में पद्मश्री सम्मान की घोषणा होने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि चौहान गुरुजी छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध संगीत शिक्षक, गजल गायक और सूफी गायक हैं। उन्होंने अपना पूरा जीवन संगीत साधना के लिए समर्पित कर दिया। उनकी यह उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित करने वाली है।

उल्लेखनीय है कि आज केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा पद्म पुरस्कारों की घोषणा की गई है। गुरूजी के नाम से प्रसिद्ध मदन सिंह चौहान का जन्म 15 अक्टूबर 1947 को हुआ। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद इस वर्ष मार्च-अप्रैल में राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले समारोह में श्री मदन सिंह चौहान को पद्मश्री सम्मान से अलंकृत करेंगे।

गौरतलब है कि गणतंत्र दिवस के मौके पर दिए जाने वाले पद्म पुरस्कारों की घोषणा आज सरकार ने कर दी है। इस बार सरकार ने 7 हस्तियों को पद्म विभूषण, 16 को पद्म भूषण और 118 को पद्मश्री से सम्मानित किया है। पद्म विभूषण पाने वालों में पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का नाम भी शामिल है।

पीवी सिंधु व पर्रिकर को पद्मभूषण से नवाजा

वहीं पीवी सिंधु और मनोहर पर्रिकर को पद्म भूषण से नवाजा गया है। 118 हस्तियों को पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है, जिनमें सामाजिक कार्यकर्ता एस रामकृष्ण, सामाजिक कार्यकर्ता योगी एरोन, लंगर बाबा जगदीश लाल आहूजा, सामाजिक कार्यकर्ता जावेद अहमद टेक, सामाजिक कार्यकर्ता सत्यनारायण मुनडयूर को इस पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। 1984 भोपाल गैस त्रासदी के कार्यकर्ता अब्दुल जब्बार को भी मरणोपरांत इस सम्मान से नवाजा जाएगा।

Posted By: Sandeep Chourey

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़