रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को रायपुर के आंबेडकर चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान सैकड़ों कांग्रेसियों ने पैदल मार्च करते हुए राज्यपाल को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान राजभवन जाते कांग्रेसियों को पुलिस ने रोका।

इस बीच कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच जमकर झूमाझटकी भी हुई। आंबेडकर चौक पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के भाषण व प्रदर्शन रैली के दौरान कांग्रेस नेताओं के पर्स व मोबाइल तक पार हो गए। इसकी शिकायत लेकर कांग्रेसी पुलिस के पास पहुंचे।

प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि महंगाई के खिलाफ कांग्रेस पार्टी आंदोलन कर रही है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस के दाम बढ़ते जा रहे हैं। इसकी वजह से खाद्य पदार्थों के दाम भी बढ़ गए हैं। महंगाई बढ़ रही है तो पैसा किसकी जेब से जा रहा है, किसान और मजदूर की जेब से। जनता की मेहनत का पैसा जेब से निकालकर मोदी सरकार खुद ही डकार रही है।

धान के लिए रासायनिक खाद, खेती के उपकरण व अन्य सामान की कीमतें आसमान छू रही हैं। नौजवानों को नौकरी नहीं मिल रही है। अग्निपथ जैसी योजना से युवाओं को छला जा रहा है। इधर आवाज उठाने पर कांग्रेस नेताओं को ईडी का नोटिस भेजकर डराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। देश की जनता के साथ हो रहे इस अन्याय के खिलाफ कांग्रेस आवाज उठाएगी।

मौके पर मंत्री कवासी लखमा, मंत्री अनिला भेड़िया, अमरजीत चावला, महेंद्र सिंह छाबड़ा, सुरेंद्र शर्मा, अनिता शर्मा, रश्मि सिंह, कुलदीप जुनेजा, शकुंतला साहू, सुशील आनंद शुक्ला, एजाज ढेबर, छाया वर्मा, पंकज शर्मा, शैलेश नितिन त्रिवेदी, प्रमोद दुबे, चंद्रशेखर शुक्ला आदि थे।

गलत नीति व महंगाई से लोग हलकान: मरकाम

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि केंद्र की गलत नीति व महंगाई के विरोध में देश भर में प्रदर्शन हो रहे हैं। लोग महंगाई से हलकाना हैं। उज्ज्वला गैस योजना के तहत चार करोड़ हितग्राहियों ने गैस सिलिंडर ही नहीं भरा पाए। पेट्रोल-डीजल के दाम घटाए।

मोदी ने जीएसटी और नोटबंदी करके जनता को परेशान किया। आम जनता को राहत पहुंचाने के लिए जीएसटी कम करें। आने वाले चुनाव में आम जनता मोदी सरकार को इसका जवाब जरूर देगी। कांग्रेसी नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर महंगाई कम करने, खाद्य पदार्थों पर लगे जीएसटी को समाप्त करने और अग्निपथ योजना को वापस लेने की मांग की है। उन्होंने बताया कि महंगाई रिकार्ड स्तर पर पहुंच गया है।

आरएसएस मुख्यालय में खादी के कपड़े का तिरंगा भेजा

प्रदर्शन के बाद प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने नागपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के मुख्यालय में फहराने के लिए खादी के कपड़े से बना तिरंगा भेजा है। मरकाम ने भाजपा से कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के मुख्यालय में तिरंगा फहरवाने के लिए संघ प्रमुख मोहन भागवत से अनुरोध करे। उन्होंने कहा कि संघ मुख्यालय में विगत 52 वषर्ों से अधिक समय तक तिरंगा झंडा नहीं फहराया गया है।

Posted By: Pramod Sahu

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़