रायपुर ( नईदुनिया प्रतिनिधि)। माघ पूर्णिमा पर रविवार को श्रद्धालुओं ने महादेव घाट पर पुण्य स्नान किया। पुण्य की डुबकी लगाने के पश्चात हटकेश्वर महादेव का दर्शन करके मनवांछित कामना की। सुबह से शुरू हुआ पुण्य स्नान का सिलसिला दोपहर तक चलता रहा। शाम को करणी सेना के नेतृत्व में खारुन नदी की महाआरती करने श्रद्धालु उमड़ पड़े।

खारुन गंगा मैया एवं हटकेश्वर महादेव की महाआरती

करणी सेना के नेतृत्व में पूर्णिमा तिथि पर खारुन गंगा मैय्या की महाआरती की गई। महाआरती का यह सिलसिला तीन महीने पहले ही प्रारंभ हुआ है। पहली महाआरती अगहन पूर्णिमा पर की गई थी। मात्र तीन माह पहले प्रारंभ हुई महाआरती में रविवार को घाट किनारे सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और नदी में दीपदान किया।

करणी सेना छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि पूर्णिमा तिथि पर खारुन गंगा मैया एवं हटकेश्वर महादेव की महाआरती का आयोजन अब प्रत्येक माह किया जाएगा। बनारस घाट पर होने वाली आरती की र्त पर महादेव घाट में प्रत्येक महीने की पूर्णिमा को महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य सनातन संस्कृति एवं हिंदुओं में एकता की भावना जागृत करना है, ताकि समाज की प्रगति हो और नई दिशा मिल सके।

निरोगी रहने की मान्यता

हटकेश्वर महादेव मदिर के पुजारी पं.सुरेश गिरी गोस्वामी के अनुसार ऐसी मान्यता है कि माघ पूर्णिमा पर पवित्र नदियों में स्नान करने से शारीरिक व्याधियां दूर होती है। पापों से मुक्ति मिलती है और पुण्य में वृद्धि होती है। मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। इसी मान्यता के चलते स्नान करके श्रद्धालुओं ने हटकेश्वर महादेव की पूजा की और खारुन नदी के उस पार स्थित भगवान भोलेनाथ की 20 फीट ऊंची प्रतिमा का दर्शन किया।

महाशिवरात्रि पर पुन: लगेगा मेला

पं.गोस्वामी ने बताया कि 18 फरवरी को पड़ने वाली महाशिवरात्रि पर महादेव घाट के किनारे पुन: मेला भरेगा। दूर-दूर से हजारों शिवभक्त दर्शन करने और हटकेश्वर महादेव पर जल अर्पण करने के लिए आएंगे।


नौकायन का आनंद

स्नान, पूजा के साथ श्रद्धालुओं ने खारुन नदी में परिवार समेत नौकायन और मंदिर के आसपास मेला घूमने का आनंद लिया।

Posted By: Pramod Sahu

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़
  • Font Size
  • Close