रायपुर। National Bravery Award 2023 राजधानी के आरडीए कालोनी टिकरापारा निवासी उन्नति शर्मा (12) ने ढाई साल के अपने भाई की आगजनी से जान बचाई। साहसिक कार्य के लिए उन्नति को राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। उन्नति को 25 जनवरी को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू सम्मानित करेंगी।
नईदुनिया से बातचीत में उन्नति ने बताया कि 13 मार्च 2020 को वह रायपुरा स्थित अपने मामा के घर गई थी। दोपहर को मामा-मामी और मम्मी कुछ काम से बाहर निकल गए थे। घर पर ढाई साल का छोटा भाई सो रहा था। मैं बाहर कालोनी के ही ग्राउंड में खेल रही थी। थोड़ी देर में घर से धुआं निकलता दिखा। मैं तुरंत भागते हुए घर पर गई। आग देखकर डर गई थी। लेकिन हिम्मत से मैंने बिजली मीटर का स्विच बंद कर दिया। धुआं और आग काफी ज्यादा था। इस बीच सो रहे अपने छोटे भाई को गोद में लेकर बाहर आई और पड़ोसियों को बताया। थोड़ी देर बाद आग बुझाने वाले और पुलिस पहुंची। उन्होंने आग बुझाने में मदद की। उन्नति ने बताया वह अभी कक्षा आठवीं में है। और होली क्रास स्कूल रायपुर में पढ़ रही है। उन्नति ने अपनी प्रेरणा अपने माता-पिता को बताया।
सामाजिक गतिविधियों में हमेशा लेती रही हिस्सा
उन्नति के पिता डाक्टर हेमंत शर्मा और माता डाक्टर मीना शर्मा ने बताया कि उन्नति शुरू से पढ़ाई में मेधावी होने के साथ ही सामाजिक गतिविधियों में खुद से ही हिस्सा लेती रही है। शहर में जब भी कोई सामाजिक गतिविधियां होती है, अखबार व अन्य माध्यमों से जानकारी मिलने पर वह स्वत: ही शामिल हो जाती है। पर्यावरण, प्रदूषण, यातायात जैसे अन्य सामाजिक अभियानों में हमेसा अपनी सहभागिता देती रही है, जिसके लिए सामाजिक संस्थाओं से पुरस्कार भी मिला है। पिता डाक्टर हेमंत और माता डाक्टर मीना ने कहा कि उन्नति को मिल रहा सम्मान गौरवान्वित करने वाला है।
राज्यपाल ने किया है सम्मानित
उन्नति ने बताया कि उनके साहसिक कार्यों और सामाजिक गतिविधियों में योगदान के लिए राज्यपाल अनुसुईया उइके ने सम्मानित किया है। उन्नति का बताया कि उन्हें गणित और विज्ञान विषय में रूचि है। भविष्य में अच्छी पढ़ाई कर प्रशासनिक सेवा में जाना है। और समाज की सेवा करनी है। इसके लिए मुझे मेरे मम्मी पापा हमेशा प्रेरित करते रहते हैं।
Posted By: Vinita Sinha
- Font Size
- Close