रायपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। जीवन में कितनी भी बड़ी समस्या क्यों न आए, मुस्कराएंगे तो तनाव खत्म हो जाएगा। इसके लिए हमें हर छोटी-बड़ी बातों में छिपी खुशी को ढूंढना होगा। वर्तमान दौर में तनाव और अवसाद बहुत बड़ी समस्या बनकर उभर रहे हैं। तनाव से बचने के लिए हमेशा खुश रहना सीखना होगा।
उक्त विचार राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी रश्मि दीदी ने सीआरपीएफ आरंग के जवानों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से सीआरपीएफ के जवानों के लिए ओडका गांव में आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी कमांडेंट प्रियरंजन गुप्ता, ब्रह्माकुमारी सविता दीदी, अदिति दीदी और दीक्षा दीदी उपस्थित रहे। ब्रह्माकुमारी बहनों ने जवानों को राखी बांधी और मुंह मीठा कराया। रश्मि ने कहा कि व्यर्थ सोचने से तनाव पैदा होता है।
समस्याएं तो आएंगी, वह हमारे बस में नहीं है, लेकिन हम अपने मन को राजयोग मेडिटेशन की सहायता से शांत रखना सीख लें तो तनाव खत्म हो जाएगा। हमें सकारात्मक सोचना होगा। सविता ने कहा कि इस साल हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। विचार करिए कि क्या हम वास्तव में स्वतंत्र हुए हैं। अंग्रेजों से मुक्ति मिल गई किंतु काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार और व्यसनों के हम गुलाम हो गए हैं। इनसे छुटकारा प्राप्त करने पर ही सच्चे अर्थों में स्वतंत्रता मिल सकेगी।
डिप्टी कमांडेंट गुप्ता ने बताया कि विद्यार्थी जीवन से वे ब्रह्माकुमारी संस्थान के संपर्क हैं। समय-समय पर संस्थान के कार्यक्रमों में शामिल होते हैं। यहां जो नैतिक, आध्यात्मिक मूल्यों की शिक्षा दी जाती है वह बहुत उपयोगी है। उसे अपनाने पर जीवन सुखमय बन जाता है। तनाव भी खत्म हो जाता है। जवानों के लिए यह शिक्षा बहुत उपयोगी सिद्ध होगी।
अदिति ने जवानों को प्रतिज्ञा दिलाई कि सभी मनुष्य आत्माओं के लिए शुभ भावना रखकर व्यवहार करूंगा, सदैव मीठे बोल ही बोलूंगा, हर परिस्थिति में सकारात्मक दृष्टिकोण रखूंगा। दिन की शुरुआत परमात्मा की याद से करूंगा आदि। कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमारी दीक्षा दीदी ने किया। संस्थान में 11 से 15 अगस्त तक अमृत महोत्सव पर अनेक कार्यक्रम किए जाएंगे।
Posted By: Pramod Sahu
- Font Size
- Close
- # Raipur News
- # Sisters
- # Brahma Kumari Sansthan
- # tied
- # rakhi
- # CRPF jawans
- # latest news
- # big news
- # breaking news