
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। खरोरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात ट्रैक्टर और कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार आरक्षक कमलेश वर्मा और रुपेश निषाद की मौत हो गई, जबकि गोपी साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायल गोपी को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा रात करीब 9:10 बजे चैती तालाब के पास सारागांव और बरौंडा के बीच हुआ।
जानकारी के अनुसार, ग्राम तर्रा निवासी आरक्षक कमलेश वर्मा अपने गांव के ही रुपेश निषाद और गोपी साहू के साथ शुक्रवार को रायपुर घूमने गया था। रात में तीनों कार से वापस खरोरा की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान बरौंडा के पास खरोरा की ओर से आ रहे भूसे से भरे ट्रैक्टर से उनकी कार की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कमलेश और रुपेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गोपी गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कार और ट्रैक्टर के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई।
आरक्षक कमलेश वर्मा पहले तिल्दा थाने में पदस्थ था। कुछ दिन पहले ही उसका स्थानांतरण सिलतरा थाने में हुआ था। जानकारी के अनुसार, गुरुवार से वह छुट्टी पर था। शुक्रवार को वह अपने गांव के दोस्तों के साथ घूमने निकला था। रायपुर से लौटते समय बरौंडा के पास उसकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कमलेश की मौत से उसके गांव में शोक का माहौल है।