रायपुर। Vande Bharat: नागपुर से बिलासपुर तक दौड़ रही वंदे भारत एक्सप्रेस को लेकर भारतीय रेलवे बड़ी योजना बना रहा है। देशभर में इस ट्रेन के नेटवर्क को बढ़ाने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। इस वक्त देश में आठ वंदे भारत एक्सप्रेस दौड़ रही हैं। इस ट्रेन की टिकट को सस्ता करने के लिए स्लीपर कोच लगाने की योजना बनाई जा रही है। रेलवे मंडल के अधिकारियों का कहना है कि स्लीपर कोच लगने से ट्रेन का टिकट खुद ही सस्ता हो जाएगा। इससे आम यात्रियों को सफर करने का लाभ मिलेगा।
दिसंबर महीने से नागपुर से बिलासपुर तक 130 की रफ्तार से दौड़ रही वंदे भारत का नेटवर्क देशभर में बढ़ाने की कवायद में रेलवे बोर्ड जुटा हुआ है। चूंकि आठ वंदे भारत एक्सप्रेस देशभर में चल रही हैं,लिहाजा आम लोगों के लिए सफर को सस्ता करने के लिए वंदे भारत ट्रेन में स्लीपर कोच लगाने की योजना बनाई गई है।
200 किमी प्रति घंटा होगी रफ्तार
रेलवे मंडल के मुताबिक वंदे भारत की रफ्तार आने वाले समय में 200 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है। इस ट्रेन स्लीपर कोच को एल्युमीनियम से बनाया जा रहा है।
राजधानी एक्सप्रेस एक विकल्प होगी
वंदे भारत राजधानी एक्सप्रेस के डिब्बों का विकल्प बनेंगे। रेलवे की ओर से करीब 400 वंदे भारत ट्रेनों के लिए टेंडर जारी किया जा रहा है।इसे महीने के अंत तक मंजूरी मिलने की संभावना जताई जा रही है। इन ट्रेनों के निर्माण कार्य के लिए चार घरेलू कंपनियों समेत विदेशी कंपनियां भी आगे आई हैं। पहली 200 वंदे भारत ट्रेनों में शताब्दी एक्सप्रेस की तरह बैठने की व्यवस्था होगी। फिलहाल ये ट्रेनें 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेंगी।
पटरियों की सुरक्षा का रखना होगा ध्यान
रेलवे के अधिकारियों ने बताया है कि ट्रेन की पटरियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलाने की अनुमति मिलेगी,इसके साथ ही चेयर कार ट्रेनें स्टील की बनेंगी।
Posted By: Ashish Kumar Gupta
- Font Size
- Close