राजनांदगांव (नईदुनिया प्रतिनिधि))। राज्य पुलिस की आठवीं वाहिनी में पदस्थ हवलदार शिव कुमार पिता केशवराम वर्मा उर्फ चिंटू ने मंगलवार शाम को अपने पेंड्री स्थित मुख्यालय कार्यालय में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। ममता नगर के गली नंबर पांच में निवास करने वाले करीब 43 वर्ष के शिव का स्वास्थ्य कुछ वर्षों से ठीक नहीं था। उन्हें गले में कैंसर था। आत्महत्या का कारण बीमारी को ही माना जा रहा है।
बताया गया कि करीब 12 वर्ष पहले शिव ने आठवीं वाहिनी ज्वाइन की थी। वे 8वीं वाहिनी में नर्सिंग शाखा में सेवारत थे। शुरुआती वर्षों में बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों में सेवाएं देने के बाद वे कुछ वर्ष पहले मुख्यालय लौट आए थे। कैंसर होने के बाद उनका तबसे इलाज चल रहा था। तकलीफ व इलाज में बड़ी रकम खर्च के चलते वे मानसिक रूप से काफी परेशान थे।
बताया गया कि मंगलवार को लंच के बाद उन्हें मुख्यालय में ही इधर-उधर टहलते देखा गया था। वे वाहिनी कार्यालय परिसर में संचालित अस्पताल में बैठते थे। अस्पताल कक्ष में ही शाम करीब 4.30 बजे उनकी लाश फंदे पर लटकती देखी गई।
लालबाग पुलिस के अनुसार शिव इलाज के लिए अक्सर छुट्टी पर रहता था। हाल ही में छुट्टी के बाद वे 17 मई को ड्यूटी पर लौटे थे। तबसे वे कुछ ज्यादा परेशान लग रहे थे। अस्वस्थता के चलते उन्हें ड्यूटी में छूट दी गई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद लालबाग पुलिस मौके पर पहुंची। शव को फंदे से उतारने के बाद देर शाम शव जिला अस्पताल की मरचुरी में रखाई गई। बुधवार को सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा। निरीक्षक जितेंद्र वर्मा ने बताया कि मृतक हवलदार कैंसर से पीडि़त था। मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है।
Posted By: Abhishek Rai
- Font Size
- Close
- # Chhattisgadh News
- # cg news
- # Rajnandgaon news
- # Cancer
- # head guard
- # the office
- # हवलदार
- # फांसी
- # कैंसर