राजनांदगांव। छुरिया विकासखंड के ग्राम कल्लूबंजारी गोठान का कलेक्टर डोमन सिंह ने गत दिवस निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि गोठान से जुड़ी महिलाओं को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया जाए। आर्थिक गतिविधियां बढ़ाने के साथ नियमित रूप से गोबर की खरीदी करने कहा गया। निरीक्षण के दौरान समूह की महिलाओं से रूबरू हुए और उन्हें अच्छा कार्य करने के लिए प्रेरित किया। वहां उन्होंने वर्मी कंपोस्ट निर्माण का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने कहा कि गोठान सक्रिय रहना चाहिए और नियमित रूप से गोबर की खरीदी होते रहना चाहिए।
उन्होंने महिलाओं को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के लिए कहा। उन्होंने मुर्गीपालन, बटेरपालन, बकरीपालन, मत्स्य पालन करने एवं सामुदायिक बाड़ी विकसित करने कहा।कलेक्टर ने कहा कि आजीविका संवर्धन के लिए गोठान योजना संचालित किया जा रहा है। जिससे ग्रामीणों को स्थापित रोजगार निर्मित करने में मदद मिल रही है। उन्होंने समूह को गोबर खरीदी से लेकर आजीविका मिशन के तहत बहुआयामी गतिविधियों का संचालन करने के सुझाव दिए। कलेक्टर ने कहा कि यह ऐसी योजना है, जिसके माध्यम से हम अपने गांव और घर में ही रहकर कई प्रकार की योजना का लाभ ले सकते हैं।
इसके जरिए रोजगार के साथ-साथ आमदनी का अच्छा स्रोत निर्मित कर सकते हैं। इस मौके पर एसडीएम डोंगरगांव सुनील नायक, जनपद सीईओ प्रतीक प्रधान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। हिलाओं द्वारा की जा रही तिरंगे झंडे की सिलाईः कलेक्टर सिंह ने छुरिया विकासखंड के दौरे के दौरान स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाई जा रही तरंगा झंडा का अवलोकन किया। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर हर घर तिरंगा झंडा कार्यक्रम के अंतर्गत स्वसहायता समूह द्वारा तिरंगा झंडा बनाया जा रहा है। जिले में बड़े पैमाने पर झंडा निर्माण का लक्ष्य रखा गया है, जिससे प्रत्येक घर में झंडा लगवाया जा सके।
सभी प्रकार की जरूरी दवाई की उपलब्धता हो
कलेक्टर ने छुरिया में संचालित धनवंतरी मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया। उन्होंने दुकान संचालक को क्षेत्र की मांग के अनुसार आवश्यक दवाई की उपलब्धता सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने कहा कि धनवंतरी मेडिकल स्टोर के माध्यम से लोगों को सस्ती और जरूरी दवाई उपलब्ध कराना शासन की मंशा है। इस दौरान उन्होंने सभी चिकित्सक को जेनेरिक दवाई लिखने निर्देशित किया, ताकि आमजन सस्ती दवाई आसानी से खरीद सकें। लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रकार के जरूरी दवाई की उपलब्धता सुनिश्चित करने कहा।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close