सुकमा (नईदुनिया न्यूज)। जिले के भेजी थानाक्षेत्र में निर्माणाधीन डब्बाकोंटा कैंप पर नक्सलियों ने हमला कर दिया। नक्सलियों ने देशी बम दागे और फाइरिंग की। जिसका जवाब तैनात जवानों ने दिया। इस दौरान बम दागे गए जिसमें कोबरा के एक जवान वीरगति को प्राप्त हो गया। इसकी पुष्टि आइजी सुंदरराज पी ने की है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार 4.30 बजे जिले के धुर नक्सल प्रभावित डब्बाकोंटा में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुए मुठभेड़ में कोबरा 202 बटालियन का जवान घायल हो गया। बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन पुलिस कैंप पर नक्सलियों ने अचानक फायरिंग कर दिया था। इस दौरान जवान कैंप की सुरक्षा में लगे हुए थे। बुलेट इंजरी की वजह से एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत बस्तर के नक्सल प्रभावित इलाकों में नए पुलिस कैंप खुलने का सिलसिला जारी है। डब्बाकोंटा में बीते कुछ दिनों से नया पुलिस कैंप स्थापित किया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम भेजी थाना क्षेत्र के डब्बाकोंटा में नए पुलिस कैंप का काम चल रहा था। इस दौरान नक्सलियों ने कैंप पर फाइरिंग कर दिया। 15 से 20 मिनट तक चली फाइरिंग में जवानों ने भी नक्सलियों का मुंहतोड़ जवाब दिया। नक्सली फाइरिंग में कोबरा 202 का जवान प्रधान आरक्षक सुलेमान घायल हो गया। घायल जवान केरल का रहने वाला है। घायल जवान को उपचार के लिए भेजी सीआरपीएफ फील्ड हास्पिटल लाया गया, जहां पर इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। आइजी सुंदरराज पी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि वीरगति को प्राप्त हुए जवान को डब्बाकोंटा से मंगलवार की देर रात हेलीकाप्टर से जगदलपुर लाया गया, जहां पर उसका पोस्टमार्टम बुधवार को डिमरापाल हास्पिटल में होगा।
Posted By: Abhishek Rai
- Font Size
- Close