
लाइफस्टाइल डेस्क। शहरों में बढ़ते प्रदूषण का असर सिर्फ बाहर की हवा पर ही नहीं, बल्कि हमारे घरों के अंदर की हवा पर भी दिखाई देने लगा है। इनडोर एयर पॉल्यूशन (Indoor Air Pollution) के कारण एलर्जी, अस्थमा और सांस से जुड़ी कई दिक्कतें बढ़ रही हैं। लोग इससे बचाव के लिए एयर प्यूरीफायर खरीदने की ओर तेजी से बढ़े हैं, लेकिन हर किसी के पास यह विकल्प मौजूद नहीं होता। अच्छी बात यह है कि बिना एयर प्यूरीफायर (Air Purifier) के भी घर की हवा को काफी हद तक शुद्ध रखा जा सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर इनडोर प्रदूषण को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
घर की नियमित और सही सफाई हवा को साफ रखने का सबसे आसान तरीका है।
गीले कपड़े से डस्टिंग: सूखे कपड़े से साफ करने पर धूल हवा में फैल जाती है, जबकि हल्का गीला कपड़ा धूल को पकड़ लेता है।
कार्पेट और फर्नीचर की वैक्यूमिंग: सप्ताह में कम से कम एक-दो बार कार्पेट, सोफा और गद्दे को वैक्यूम करें। HEPA फिल्टर वाला वैक्यूम और बेहतर माना जाता है।
बिस्तर और पर्दों की धुलाई: चादरें, कवर और पर्दों को गर्म पानी में धोने से डस्ट माइट्स और पोलन हट जाते हैं।
घर में सामान जितना कम होगा, धूल जमने की गुंजाइश भी उतनी ही कम रहेगी। व्यवस्थित घर में सफाई आसान होती है और हवा में धूलकण कम फैलते हैं।
गैप्स को सील करें: खिड़कियों और दरवाजों के छोटे-छोटे छेद और दरारों से धूल आसानी से अंदर आ जाती है। वेदर-स्ट्रिप्स और सीलेंट लगाना इससे बचाता है।
सही समय पर वेंटिलेशन: सुबह या देर शाम, जब प्रदूषण स्तर कम होता है, तभी खिड़कियां खोलें। दिन में ट्रैफिक पीक या आसपास निर्माण कार्य के दौरान खिड़कियां बंद रखें।
घर में ज्यादा नमी फफूंद (मोल्ड) को जन्म देती है, जो इनडोर पॉल्यूशन का बड़ा कारण है।
नहाने और खाना पकाने के बाद एग्जॉस्ट फैन चलाना, धूप और ताजी हवा घर में आने देना बेहद जरूरी है।
एसी, किचन एक्सट्रैक्टर, पंखों के ब्लेड और वेंट्स में जमा धूल हवा को दूषित करती है। महीने में एक बार इन्हें साफ करना जरूरी है।
पालतू जानवरों के झड़ते बाल हवा में एलर्जी फैला सकते हैं। उन्हें नियमित नहलाना, पैर ब्रश करना और उनकी जगह साफ रखना मददगार है।
यह भी पढ़ें- Kidney Disease Symptoms: किडनी खराब होने पर यूरिन से पहले दिखते हैं ये संकेत, न करें नजरअंदाज
स्पाइडर प्लांट, स्नेक प्लांट, एलोवेरा, अरेका पाम और तुलसी जैसे पौधे हवा से हानिकारक तत्वों को प्राकृतिक रूप से सोखते हैं। इन्हें लगाने से घरेलू वातावरण और भी ताज़ा बना रहता है।
घर की हवा को साफ रखना मुश्किल या खर्चीला काम नहीं है। थोड़ी-सी जागरूकता, कुछ आसान आदतें और प्राकृतिक उपाय घर के इनडोर वातावरण को काफी हद तक स्वस्थ बना सकते हैं वह भी बिना एयर प्यूरीफायर के।