
लाइफस्टाइल डेस्क। आजकल टीनएजर्स के माता-पिता के सामने एक बड़ी चुनौती है - बच्चों द्वारा किया जाने वाला भावनात्मक मैनिपुलेशन (Emotional Manipulation)। जैसे 14 साल की सान्वी अपने माता-पिता की हर बात मनवाने के लिए बस इतना कहती है, "मुझसे कोई प्यार ही नहीं करता।" अगर आप भी यह सुनकर बच्चे की जिद पूरी कर देते हैं, तो आप अकेले नहीं हैं। ये वाक्य टीनएजर्स का एक शक्तिशाली भावनात्मक हथियार बन चुके हैं।
यह मैनिपुलेशन तब होता है जब बच्चे अपनी इच्छाएं पूरी करवाने के लिए कुशलता से भावनात्मक दबाव डालते हैं, जैसे तुलनात्मक दबाव डालना ("मेरी क्लास में सबके पास फोन है!") या गिल्ट महसूस कराना ("आप मेरे स्कूल फंक्शन में नहीं आए, तो बदले में मुझे नए कपड़े चाहिए")। कई बार माता-पिता खुद इस डर में आवश्यक सीमाएं ढीली कर देते हैं कि कहीं उनकी डांट-फटकार से बच्चे आहत होकर कोई गलत कदम न उठा लें या उनसे रिश्ते खराब न हो जाएं।
बच्चों की हर मांग पूरी करने के पीछे माता-पिता की कई भावनाएं काम करती हैं। आज के संपन्न माता-पिता अक्सर बच्चों के जरिए अपने अधूरे सपनों को पूरा करना चाहते हैं। इसके अलावा, बच्चों को कम समय दे पाने का गिल्ट भी एक बड़ा कारण है, जिसे वे महंगी चीजें या जिद पूरी करके शांत करने की कोशिश करते हैं। बच्चे माता-पिता की इस 'नब्ज' को अच्छी तरह पहचानते हैं और इसका फायदा उठाते हैं।
बच्चों की आवश्यकता और जिद के बीच संतुलन बनाने के लिए माता-पिता को कुछ स्वस्थ कदम उठाने चाहिए...
1. ध्यान से सुनें : बच्चों की पूरी बात बिना टोके और बिना किसी निर्णय के सुनें, ताकि उन्हें लगे कि आप उन्हें अहमियत दे रहे हैं।
2. तुरंत प्रतिक्रिया से बचें : सुनने का मतलब सहमत होना नहीं है। अगर आप तुरंत फैसला नहीं लेना चाहते तो कहें: "मैं इस पर सोचूंगा/सोचूंगी, फिर बात करेंगे।" इससे बच्चे को तुरंत परिणाम पाने की आदत नहीं पड़ेगी।
3. शांत होने पर ही बात : अगर बच्चा ऊंची आवाज में बात कर रहा है या झगड़ रहा है, तो स्पष्ट कहें कि शांत होने पर ही बात होगी, और तुरंत वहाँ से हट जाएं।
4. डर और गिल्ट पर नियंत्रण : माता-पिता को अपने डर, चिंता और गिल्ट को नियंत्रित करना चाहिए। जब बच्चे देखते हैं कि माता-पिता अपनी सीमाओं को लेकर मजबूत हैं, तो वे मैनिपुलेट करने की कोशिश नहीं करते।
5. संयुक्त अनुशासन : बच्चों के मामलों में माता-पिता का सहयोग स्पष्ट होना चाहिए। दोनों को एक ही बात पर सहमत होना चाहिए, ताकि बच्चा किसी एक का फायदा न उठा पाए।
6. नियम स्थापित करें : हर उम्र में बच्चों के लिए स्पष्ट सीमाएं और व्यवहार के नियम बनाएं, जिससे उन्हें पता चले कि परिवार में क्या स्वीकार्य है और क्या नहीं।
प्यार और अनुशासन का सही मिश्रण ही बच्चों में आत्मविश्वास और भावनात्मक सुरक्षा बढ़ाता है, और उन्हें भावनात्मक हथियार का इस्तेमाल करने से रोकता है।
इसे भी पढ़ें... Love Bombing: कहीं आप तो नहीं बन रहे इसका शिकार? जानें प्यार का ये नया जाल