
लाइफस्टाइल डेस्क। शादी में अब सिर्फ दुल्हनें ही नहीं, दूल्हे भी अपनी स्किन को फ्लॉलेस और ग्लोइंग लुक देने के लिए ब्यूटी सैलून का रुख कर रहे हैं। ग्रूमिंग का दायरा अब शेविंग और हेयरस्टाइल तक सीमित नहीं रहा। शहर के कई सैलून में दूल्हे शादी से एक-दो सप्ताह पहले ही एडवांस स्किन ट्रीटमेंट बुक करा रहे हैं।
शहर के सैलून संचालकों का कहना है कि दूल्हों के लिए बनाए गए स्पेशल फेशियल पैकेजों की डिमांड इस सीज़न में तेजी से बढ़ी है। ये पैकेज 5,000 रुपये से शुरू होकर 15,000 से 20,000 रुपये तक पहुंच रहे हैं। आधुनिक स्किन ट्रीटमेंट जैसे गोल्ड, डायमंड, हाइड्रा फेशियल, डीप क्लींजिंग, स्किन पॉलिश और डार्क सर्कल रिमूवल जैसी सेवाएं खास तौर पर पसंद की जा रही हैं।
सिटी सेंटर स्थित ब्यूटी सैलून के संचालक रोहित के मुताबिक दूल्हों में हाइड्रा फेशियल की मांग सबसे ज्यादा है। यह ट्रीटमेंट एक ही प्रोसेस में डीप क्लींजिंग, एक्सफोलिएशन, पोर्स क्लियरिंग और हाइड्रेशन जैसी प्रक्रियाओं से स्किन को निखारता है। यह खासकर उन दूल्हों के लिए फायदेमंद है जिन्हें टैनिंग, डलनेस और ऑयली स्किन की समस्या होती है।
शादी या प्री-वेडिंग फोटोशूट से ठीक पहले दूल्हे इंस्टेंट ग्लो थैरेपी लेना पसंद कर रहे हैं। इसमें ब्राइटनिंग सीरम, मसाज और लाइट ट्रीटमेंट शामिल होता है, जिससे चेहरे की नैचुरल शाइन तुरंत उभरकर आती है। दोनों ट्रीटमेंट की कीमत 2,000 से 6,000 रुपये तक रखी गई है।
सैलून एक्सपर्ट्स का कहना है कि अब दूल्हे भी अपनी स्किन को लेकर उतने ही जागरूक हो गए हैं जितनी दुल्हनें। शादी में खूबसूरती के साथ फ्रेश लुक दिखाना भी उनकी प्राथमिकता बन गया है।