मंदिर से लौट रही नाबालिग को सुनसान जगह पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म
पुलिस ने आरोपित युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में पता चला कि युवक कोयला चोरी कर बेचने का काम करते थे।
Updated: | Fri, 21 Jan 2022 06:54 PM (IST)बिलासपुर। शहर के तोरवा थाना क्षेत्र की 13 वर्षीय नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार शाम की है जब नाबालिग मंदिर से दर्शन कर लौट रही थी। चार युवक उसे सुनसान जगह पर ले गए। दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित नाबालिग पढ़ाई छोड़कर घर घरेलू काम करती है। गुरुवार की शाम वह ढेका के साईं मंदिर दर्शन के लिए गई थी। वापस लौटते समय ओवरब्रिज के पास चार युवक उसे पकड़कर सुनसान जगह पर ले गए। दो युवकों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। इस बीच उसके साथी रखवाली कर रहे थे। घटना के बाद युवक उसे छोड़कर भाग निकले। इधर देर तक नाबालिग के नहीं लौटने पर स्वजन उसकी तलाश में निकले। रात 9.30 बजे नाबालिग अपने घर की ओर आ रही थी।
स्वजन उसे लेकर घर आ गए। पूछताछ में उसने घटना की जानकारी दी। इस पर स्वजन उसे लेकर थाने पहुंचे। सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत पर पुलिस जुर्म दर्ज कर आरोपितों की तलाश में जुट गई। नाबालिग से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने महमंद निवासी सूरज यादव (20), महेश पासी (19), सूरज सूर्यवंशी (21) व दीपक निषाद (27) को पकड़ लिया है। आरोपित युवक ट्रेन से कोयला चोरी कर बेचते हैं। युवकों का नाबालिग के घर आना-जाना था। इसके कारण उसने आरोपित को पहचान लिया था। मामले में पुलिस आरोपित युवकों से पूछताछ कर रही है। आरोपितों के खिलाफ धारा 363, 366, 376 व पाक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।