
नईदुनिया न्यूज,बिलासपुर। खपरगंज स्थित कोसा कपड़ों की दुकान में गुरुवार की शाम खरीदी के बहाने आई महिलाओं ने करीब डेढ़ लाख के कपड़े पार कर दिए थे। महिलाओं के जाने के बाद दुकान संचालक को चोरी की जानकारी हुई। दुकान संचालक की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस चोरी का मामला दर्ज कर जांच कर रही है। वहीं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित महिलाओं की पतासाजी की जा रही है।
कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली उमा अग्रवाल व्यवसायी हैं। उनकी खपरगंज स्थित लाला लाजपत राय स्कूल के पास कोसा पाइंट के नाम से कपड़ों की दुकान है। यहां पर वे कोसा की साड़ियां और कुर्ते की बिक्री करते हैं। दुकान संचालक महिला ने बताया कि गुरुवार की शाम वे दुकान पर थीं। इसी दौरान एक कार में सवार छह महिलाएं और दो युवक उनकी दुकान के सामने आए। एक युवक और एक महिला कार के पास ही रुक गए। पांच महिलाएं और एक व्यक्ति दुकान के अंदर आए। उन्होंने दुकान संचालक को साड़ियां दिखाने के लिए कहा। संचालक ने सेल्समैन तेजउ साहू को साड़ियां दिखाने के लिए कहा।
इसी बीच युवक ने कुर्ता दिखाने के लिए कहा। इस पर दुकान संचालक महिला युवक को कुर्ते का कपड़ा दिखाने लगी। इसी बीच महिलाओं ने दुकान संचालक और सेल्समैन के सामने कपड़ों को फैला दिया। बातों में उलझाकर महिलाओं ने काउंटर पर रखी 25-30 साड़ियां अपने पास रखे थैले में भर लिया। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पूछताछ में पता चला है कि ग्रे कलर की कार में दो युवक और छह महिलाएं आई थीं। एक युवक और युवती कार के पास ही रुककर आने-जाने वालों पर नजर रख रहे थे। एक युवक और पांच महिलाएं दुकान के अंदर आकर साड़ियां और कुर्ते देखने लगे। इसी दौरान दुकान संचालक और सेल्समैन को उलझाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। इधर चोरी की शिकायत पर पुलिस कार नंबर और संदेही महिलाओं की तस्वीर के आधार पर जांच कर रही है।