
सुकमा/कुकानार। Dantewada News : सुकमा जिले के पुसपाल थाने में तैनात छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (सीएएफ) चार बटालियन के जवान दिनेश वर्मा ने रविवार की सुबह करीब 8:50 बजे सर्विस राइफल से अपनी ठुड्डी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं चल रही थी।
एसपी केएल ध्रुव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्ग जिले के भिलाई शांतिनगर निवासी दिनेश जिले के पुसपाल थाने में सीएएफ चार बटालियन में तैनात थे। 26 नवंबर को ही वे छुट्टी से लौटे थे। रविवार सुबह वे मेस में काम कर रहे थे। इसी बीच अचानक अपनी बैरक में गए। इसके थोड़ी देर बाद ही गोली चलने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने अपनी ठुड्डी पर गोली मार ली थी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
जवानों ने खोज निकाला दस किलो वजनी आइईडी
सर्चिंग पर निकले डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के जवानों ने रविवार को कटेकल्याण ब्लाक के धनीकरका और सूरनार के बीच सड़क में एक बम बरामद किया। इसका वजन करीब दस किलो है। इसे सावधानीपूर्वक निकालकर उन्होंने डिफ्यूज कर दिया।
एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया कि जवानों ने सर्चिंग के दौरान सड़क के किनारे एक पेड़ से बंधा इलेक्ट्रिक वायर देखा। आसपास की तलाशी के दौरान बीच सड़क में विस्फोटक से भरा एक बर्तन मिला, जिसका वजन करीब दस किलो था। यह कमांड बम नक्सलियों ने राह से गुजरने वाले फोर्स को नुकसान पहुंचाने के लिए लगाया था।
उधर, नक्सली दो से आठ दिसंबर तक अपना पीपुल्स लिब्रेशन गुरिल्ला आर्मी (पीएलजीए) सप्ताह दिसंबर के बीच मनाने की तैयारी में जुटे हैं। रविवार को ऐसे ही बैनर-पोस्टर कुआकोंडा थाना क्षेत्र के पालनार और समेली के बीच पेड़ और झाड़ियों में मिला। इसी तरह बचेली के पास मुख्य मार्ग कब्रिस्तान के पास भी बड़ी संख्या में नक्सली पाम्पलेट-पोस्टर बरामद किए गए।