Accident In Hospital: आधी रात अस्पताल के आइसीयू वार्ड में गैस का रिसाव, एक मरीज की मौत
Updated: | Wed, 02 Dec 2020 12:14 PM (IST)रायपुर। Accident In Hospital: राजनांदगांव मेडिकल कालेज अस्पताल के आइसीयू वार्ड में आधी रात आक्सीजन सिलेंडर से गैस का रिसाव होने लगा। देखते ही देखते पूरे वार्ड में गैस भर गया। आइसीयू वार्ड में नौ गंभीर मरीज थे, जिन्हें आनन-फानन में दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया। स्टाफ के कर्मचारी भी दौड़ भाग में लगे थे। रिसाव इतना तेज होने लगा कि आग लगने की संभावना बढ़ गई थी। हालांकि ऐसा कुछ हुआ नहीं। अस्पताल पुलिस चौकी में पदस्थ जवान अमित समुंद्रे ने सूझबूझ के साथ वार्ड में रखे फायर सिलेंडर से लगने वाली आग पर काबू पाया। घटना को लेकर मची अफरा-तफरी के बीच आइसीयू के एक गंभीर मरीज की इलाज के दौरान मौत तक हो गई। मौत किस वजह से हुई। अभी यह स्पष्ट नहीं है।
घटना दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे की है। जब अस्पताल में भर्ती मरीज व उनके स्वजन सहित ज्यादातर लोग सो ही रहे थे। आइसीयू वार्ड में भी भर्ती मरीज आराम कर रहे थे। तभी अचानक आक्सीजन गैस सिलेंडर से रिसाव होने लगा। एक पल में ही रिसाव इतनी तेजी से होने लगा कि आइसीयू वार्ड में भर्ती गंभीर मरीजों के साथ स्टाफ कर्मचारी भी समझ नहीं पाए। वार्ड में जब गैस भर गया तब आनन-फानन में मरीजों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया।
आइसीयू वार्ड के बाहर मरीजों के स्वजनों की भीड़ जुट गई थी। स्टाफ कर्मी स्थिति देखकर दहशत में आ गए थे। कर्मचारियों ने अस्पताल पुलिस चौकी में भी घटना की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस चौकी में पदस्थ जवान अमित समुंद्रे वहां पहुंचा और मरीजों काे बाहर निकालने में मदद की। यही नहीं आरक्षक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए वार्ड में रखे फायर सिलेंडर से लगने वाली आग पर काबू भी पाया। आइसीयू वार्ड में गैस का रिसाव इतना तेज हो गया था कि आग भी लगा सकती थी। मेडिकल कालेज अस्पताल के अधीक्षक डा. प्रदीप बेक ने कहा कि घटना की जांच की जाएगी। मरीज की मौत कैसे हुई है। इसकी रिपोर्ट डाक्टरों से मांगी गई है। कुछ देर में रिपोर्ट आ जाएगी।