छत्तीसगढ़ की बीजेपी प्रभारी पुरंदेश्वरी की पार्टी नेताओं को दो टूक, कहा : परिवारवाद छोड़ जनता में विश्वास जगाएं
हमें प्रदेश की कांग्रेस सरकार की हर गलत नीतियों एवं कार्यों का मुखरता से विरोध करना है।
Updated: | Fri, 27 May 2022 07:59 PM (IST)रायपुर। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ परिसर में प्रदेश कार्यसमिति को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने कहा कि 30 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कुशल कार्यकाल का 8वां वर्ष पूरा हो रहा है। भाजपा 2014 के लोकसभा चुनाव में सबका साथ-सबका विकास के नारे के साथ जनता के बीच गई थी एवं 2019 के लोकसभा चुनाव में सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास के साथ चुनाव में जनता ने हमें पुनः अपना समर्थन दिया।
अब 2024 के लोकसभा चुनाव में भी जनता का पूर्ण समर्थन हमें मिलेगा। 2023 के विधानसभा चुनाव के लिए हम अभी से तैयार हैं। उन्होंने कहा कि परिवारवाद छोड़ जनता में विश्वास जगाए। कोरोना महामारी की चुनौती में भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर से बाहर निकलकर सेवा किया वहीं अन्य राजनैतिक दल अपने-अपने घरों में रहे। यही भाजपा को अन्य राजनीतिक दलों से अलग बनाता है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय नेतृत्व के आहवान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 8 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा जनता के बीच सेवा भाव के साथ जाएंगी।
जनता को विश्वास दिलाना होगा कि भाजपा प्रदेश में दे सकती है बेहतर सरकार
जिससे हमारे कार्यकर्ताओं के मन में भारी उत्साह है। हमारे कार्यकर्ता खुश है तो इससे हमारी पार्टी की मजबूती और भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रति लोगों के मन भारी आक्रोश व नाराजगी है। उन्होंने कहा कि जनता को विश्वास दिलाना होगा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में बेहतर सरकार दे सकती है। प्रदेश सरकार के लाए काले कानून (भूपेश एक्ट) के विरोध में भाजपा का आंदोलन सफल रहा। जनता का हमें व्यापक समर्थन भी मिला है।
किसान खाद, बारदाने और रकबा कटौती से परेशान
प्रदेेश के किसान लगातार खाद की कमी से, बारदाने की कमी, रकबा कटौती से लगातार परेशान है। हम किसानों के साथ है। उन्होंने कहा कि हमें प्रदेश की कांग्रेस सरकार की हर गलत नीतियों एवं कार्यों का मुखरता से विरोध करना है। मानसून को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी किसानों से मन की बात करेंगे। इस कार्यक्रम में प्रत्येक कार्यकर्ता ज्यादा से ज्यादा किसानों सहित आमजन को मन की बात कार्यक्रम सुनने के लिए बूथों पर लेकर आएंगे।
Posted By: Pramod Sahu