Record: राजधानी में 233 और प्रदेश भर में 3,229 जोड़ों का विवाह गोल्डन बुक रिकार्ड में दर्ज
Updated: | Sat, 27 Feb 2021 08:21 PM (IST)रायपुर। Record: मुख्यमंत्री निर्धन कन्या विवाह योजना के तहत राजधानी के इनडोर स्टेडियम में हुए सामूहिक विवाह और छत्तीसगढ़ के 22 जिलों को मिलाकर कुल 3,229 जोड़ों का विवाह रचाया गया। इसे गोल्डन बुक ऑफ रिकार्ड में दर्ज किया गया है। मुख्यमंत्री ने राजधानी के आयोजन स्थल से ही आनलाइन अन्य जिलों में हुए आयोजन की जानकारी ली। दूल्हा-दुल्हनों के साथ हास-परिहास करते हुए उनके सुखद भविष्य की कामना की।
इनडोर स्टेडियम में 240 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य था। इसमें से 233 जोड़ों का विवाह विधिवत रचाया गया। गायत्री परिवार ने हिंदू रीति-रिवाज से मंत्र पढ़कर फेरे संपन्न् करवाए। तीन ईसाई जोड़ों का विवाह ईसाई धर्म के अनुसार पादरी ने संपन्न् करवाया, वहीं एक मुस्लिम जोड़े का निकाह मौलवी ने कराया।
मुख्यमंत्री ने जोड़ों को दिया उपहार
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंच पर पांच जोड़ों को उपहार सामग्री और एक हजार रुपये का चेक प्रदान किया। अन्य सभी जोड़ों को महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने उपहार प्रदान किया। वर-वधुओं को बर्तन प्रदान करने के लिए कमलेश चोपड़ा और हाथ घड़ी देने के लिए अंकित गांधी को प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
कोरोना महामारी के नियमों का पालन नहीं
आयोजन स्थल पर कोरोना महामारी का कोई भय दिखाई नहीं दिया। ना तो शारीरिक दूरी का पालन किया गया और न ही स्वजनों, मेहमानों ने मास्क पहना। भीड़ इतनी थी कि स्वजनों को वेदी स्थल पर सटसटकर बैठना पड़ा। एक वेदी पर चार जोड़े और उनके स्वजनों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। ज्यादा भीड़ होने से व्यवस्था चरमरा गई। हालांकि, महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से मुख्यमंत्री की फोटो वाले मास्क वर-वधुओं को वितरित किया गया था।
कन्यादान से बड़ा पुण्य नहीं
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हमारा सौभाग्य है, कि बाराती और घराती बनने का मौका मिला। कन्यादान से बड़ा पुण्य और कुछ नहीं होता। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे वचन दो कि सभी अपने परिवार की देखभाल करेंगे। कुपोषण से बचने के उपायों का पालन करेंगे।
आयोजन में राज्यसभा सांसद छाया वर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंड़िया, संसदीय सचिव रश्मि आशीष सिंह, महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक, विधायक धरसींवा अनिता योगेंद्र शर्मा, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष विधायक कुलदीप जुनेजा, महापौर एजाज ढेबर, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल आदि शामिल हुए।
Posted By: Shashank.bajpai