BJP-JJP Govt in Haryana: हरियाणा में भाजपा की सरकार बनने का रास्ता साफ, जेजेपी ने किया समर्थन का ऐलान
Updated: | Fri, 25 Oct 2019 11:53 PM (IST)नई दिल्ली। हरियाणा में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनने का रास्त साफ हो गया है। दिनभर की गहमागहमी के बाद रात करीब सवा नौ बजे दिल्ली में अमित शाह ने ऐलान किया कि जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) भाजपा को समर्थन देने को राजी हो गई है। उपमुख्यमंत्री पद जेजेपी को दिया जाएगा और मनोहर लाल एक बार फिर मुख्यमंत्री बनेंगे। अमित शाह ने अपने निवास पर जब यह ऐलान किया तक उनके साथ जेजेपी के अध्यक्ष दुष्यंत चौटाला भी मौजूद थे। दुष्यंत, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर की गाड़ी में बैठकर अमित शाह के निवास पर पहुंचे थे, जहां दोनों की बैठक में यह बड़ा फैसला हुआ।
इस तरह अब 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा+ के पास 50 सीटें हो गई हैं। भाजपा को 40 सीट मिली हैं, जबकि जेजेपी के खाते में 10 सीटें गई हैं।
एक अन्य अहम सूचना के अनुसार, पूरी संभावना है कि दुष्यंत उपमुख्यमंत्री बनेंगे, लेकिन उनकी मां नैना चौटाला का नाम भी चल रहा है। हालांकि युवा चेहरा होने के कारण पार्टी के एक बड़ा धड़ा दुष्यंत के साथ है।
जेजेपी, भाजपा के साथ जाने का फैसला कर सकती है, इसके संकेत दुष्यंत चौटाला की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ही मिल गए थे। दिल्ली में पार्टी विधायक दल और राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद दुष्यंत ने कहा कि उनके कई विधायक भाजपा का समर्थन करने के पक्ष में हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा था कि हमें जहां सम्मान मिलेगा, वहां जाएंगे।
इससे पहले शुक्रवार दिन में हुए अहम घटनाक्रम में पांचों निर्दलीय विधायकों ने भाजपा को समर्थन देने का फैसला किया। ये सभी विधायक दिल्ली में भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्ढा से मिले और समर्थन का पत्र सौंपा।
विधायक दल की बैठक शनिवार को
भाजपा विधायक दल की शनिवार को बैठक होगी, जिसमें खट्टर को दोबारा नेता चुना जाएगा। इसके बाद वह राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। शपथ समारोह दिवाली बाद ही होने की संभावना है।