Barwani News: परिवहन जांच चौकी पर फायरिंग, सड़क हादसे में राजपुर एसडीओपी घायल
Updated: | Mon, 30 Nov 2020 09:14 PM (IST)Barwani News: बड़वानी। जिले से गुजर रहे आगरा मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक तीन पर सोमवार देर शाम दो घटनाएं हुई। एक घटना में बालसमुद स्थित परिवहन जांच चौकी पर अज्ञात लोगों द्वारा फायरिंग की गई। वहीं अन्य घटना में ग्राम खुरमपुरा के समीप राजपुर एसडीओपी का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
जिले से गुजर रहे आगरा मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक तीन पर सोमवार देर शाम राजपुर एसडीओपी का जीप वाहन एक ट्रक में पीछे से घुस गया। दुर्घटना में जीप में सवार राजपुर एसडीओपी पीएस बघेल मामूली रूप से घायल हुए हैं। वहीं उनका वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है।
जानकारी अनुसार एसडीओपी बघेल स्वयं वाहन चलाकर जुलवानिया की ओर जा रहे थे। इस दौरान उनका वाहन ट्रक के पीछे की ओर से टकरा गया। सूचना मिलने पर ठीकरी थाना प्रभारी संजू कामले टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एसडीओपी को अपने वाहन से राजपुर पहुंचाया।
बैरियर पर अज्ञात लोगों ने की फायरिंग
जिले से गुजर रहे मुंबई आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक तीन पर बालसमुद स्थित परिवहन जांच चौकी पर सोमवार देर शाम फायरिंग की घटना हुई। हालांकि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो अज्ञात लोग बाइक से परिवहन जांच चौकी के समीप से गुजरे, इस दौरान उन्होंने जांच चौकी की खिड़की पर फायर किए। मौके पर गोली चलाई जाने के निशान भी मिले हैं।
सूचना पर नागलवाड़ी पुलिस व सेंधवा एसडीओपी भी मौके पर पहुंचे। बालसमुद चौकी प्रभारी जेएस गोयल ने बताया कि अज्ञात लोगों द्वारा फायरिंग की गई है। फायरिंग किसने की और क्यों की इसकी जांच की जा रही है।
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay