Video: भिंड में सरोवर में गिरी तेज रफ्तार कार, 55 वर्षीय वकील ने कूदकर बचाई युवक की जान
Updated: | Mon, 16 Nov 2020 02:36 PM (IST)भिंड। नईदुनिया प्रतिनिधि। दवा व्यवसायी के बेटे की तेज रफ्तार कार रेलिंग तोड़कर गौरी सरोवर में जा गिरी। नजर पड़ते ही वहां गोवर्धन पूजा के लिए फूल लेने पहुंचे 55 वर्षीय वकील महेश मिश्रा ने छलांग लगा दी। उन्हों दौड़ते देख परिजन भी रस्सी और पानी की लेजम लेकर पहुंच गए।
15 मिनट की मशक्कत कर युवक की जान बचा ली
करीब 15 मिनट की मशक्कत कर वकील ने व्यापारी के बेटे को सकुशल सरोवर से बचाकर बाहर निकाल लिया। सरोवर में कार डूबने का मंजर इतना खौफनाक है कि उसका वीडियो देखकर बचकर निकले युवक के रोंगटे खड़े हो गए।
दोस्त की कार लेकर सैर सपाटे के लिए निकला था युवक
शहर के किला रोड माधौगंज हाट में मेडिकल व्यापारी प्रमोद जैन का बेटा 20 वर्षीय रितिक जैन हाट में रहने वाले अपने दोस्त की कार लेकर सैर सपाटे के लिए निकला था। बोट क्लब निकलने के बाद अचानक मोड़ पर रितिक का कार से नियंत्रण हट गया। कार रेलिंग को तोड़ते हुए सरोवर में जा गिरी।
कार गिरती देख वकील ने लगा दी छलांग
सरोवर किनारे रहने वाले वकील महेश मिश्रा की जैसे ही नजर पड़ी। वे तेजी से सरोवर की ओर दौड़े। दौड़ते में ही उन्होंने परिवार के लोगों से घर से रस्सा और पानी की लेजम लेकर आने के लिए कहा। वकील मिश्रा सरोवर में छलांग लगाने के बाद तैरकर कार के पास पहुंचे।
पानी में चला गया था कार का अगला हिस्सा
कार का अगला हिस्सा पानी में जा चुका था। उन्होंने कार ड्राइव कर रहे रितिक से पिछले गेट से बाहर निकलने के लिए कहा। रितिक कार के पिछले गेट से बाहर निकला। इस दौरान घर से रस्सी और लेजम लेकर लोग पहुंच चुके थे। कड़ी मशक्कत के बाद वकील के साहस से युवक की जान बच गई। वकील के साहस की सब तरफ मुक्त कंठ से प्रशंसा की जा रही है।
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay