Bhopal Crime News: बार-बार समझाने के बावजूद बेटों ने नहीं छोड़ी शराब, पिता ने छोड़ दी दुनिया
Updated: | Sun, 07 Mar 2021 08:45 AM (IST)भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। बैरसिया थाना इलाके में 52 वर्षीय रामचरण अहिरवार नाम के व्यक्ति ने घर में फांसी लगा ली। मौके पर पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि रामचरण के तीन बेटे हैं। तीनों शराब पीने के आदी हैं। वह उन्हें कई बार शराब छोड़ने की नसीहत भी दे चुका था। बेटों की हरकतों के कारण वह काफी तनाव में रहने लगा था।
बैरसिया थाना पुलिस के मुताबिक रामचरण अहिरवार वार्ड-12 स्थित मेला ग्राउंड के पास रहता था। उसकी पत्नी की 15 साल पहले मौत हो चुकी थी। रामचरण के तीन बेटे हैं। तीनों को शराब पीने की लत है। उम्र के आखिरी पड़ाव में बेटों के नकारापन को देखकर रामचरण काफी परेशान रहता था। वह कई बार अपने पुत्रों को शराब छोड़कर काम-काज में मन लगाने को कहता था, लेकिन वे पिता की बात की अनसुनी कर देते थे। शुक्रवार दोपहर को रामचरण कमरे से बाहर नहीं निकला था। दोपहर करीब एक बजे रामचरण की मां, बेटे को खाना खाने के लिए बुलाने पहुंची। उसने देखा कि रामचरण फांसी पर लटका हुआ था। मां के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठे हुए और घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपर्द कर दिया। मामले की जांच की जा रही है।
उधर, गांधी नगर थानांतर्गत सेंट्रल जेल में उम्र कैद की सजा काट रहे रूपसिंह (65) की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मूलत: सागर निवासी रूपसिंह को मुंह में कैंसर की बीमारी हो गई थी। उसका जवाहरलाल नेहरू कैंसर अस्पताल में इलाज भी चल रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।